हिम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष ने आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव को भेजा पत्र
पुपरी : प्रखंड क्षेत्र के भिठ्ठा धरमपुर पंचायत के उत्तरी भाग से होकर प्रवाहित होने वाली मरहा नदी के तटबंध की मरम्मत को लेकर जगजननी हिम्युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष रंजीत कुमार मुन्ना ने प्रधान सचिव आपदा प्रबंधन विभाग, पटना, को आवेदन पत्र भेज कर उक्त क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत बरसात से पूर्व कराने की मांग की है.
बताया है कि आवेदन की प्रति डीएम व एसडीओ को भी भेजा गया है. कहा गया है कि विगत वर्ष 2017 के बाढ़ त्रासदी के समय नदी के दक्षिण भाग स्थित बिररवा बांध कई स्थानों पर टूट कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते हरिहरपुर पंचायत के थलही टोला से भिठ्ठा – धरमपुर पंचायत के धरमपुर, भकुरहिया , बहिलबारा, डुम्हारपट्टी समेत दर्जनों गांव के लोगों को आने-जाने व किसानों को खेती करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. लिहाजा इस बांध का मरम्मत बेहद जरूरी है.
बरसात से पूर्व यदि बांध की मरम्मत नहीं हुई तो लोगों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा. बताया जाता है कि इस क्षेत्र से गुजरने वाली मरहा नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से काफी तेज गति में निकल कर जान-माल की क्षति पहुंचाती है. कई बार बागमती परियोजना के अधिकारी को आवेदन दिया गया, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
हालांकि उन्होंने बताया कि एसडीएम की ओर से डीएम को पत्र भेज कर स्थिति से अवगत कराते हुए बांध की मरम्मत की आवश्यकता बतायी गयी है. बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है.
