Rohtas News : रोहतास महिला कॉलेज, सासाराम में गुरुवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं भावी मतदाताओं के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था.
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की दी जानकारी
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य अजीत कुमार राय, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी सौरव कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया. अधिकारियों ने छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन की पूरी जानकारी दी. साथ ही योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की.
त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने पर दिया जोर
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची में पाई जाने वाली विसंगतियों, एक व्यक्ति के एक से अधिक स्थानों पर पंजीकरण, मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के कम पंजीकरण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने छात्राओं से स्वस्थ, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग करने का आह्वान किया तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर भी जोर दिया.
एसआईआर अभियान की भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया. अंत में प्राचार्य अजीत कुमार राय ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और प्रत्येक चुनाव में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संकल्प लेने की अपील की.
