डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दहाऊर से 12 वर्ष पहले विवाहिता की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. हत्या के आरोप में पति और ससुर जेल की सजा काट चुके हैं. वहीं, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 12 वर्ष बाद महिला को झारखंड के गढ़वा से जीवित बरामद कर लिया है. महिला के जीवित मिलने के बाद पुलिस ने मामले की नये सिरे से जांच शुरू कर दी है.
2014 में हुई थी अरुण मेहता से शादी
2014 में दहाऊर गांव के अरुण मेहता की शादी शकुंतला देवी उर्फ कांति देवी से हुई थी. शादी के कुछ दिन बाद कांति देवी अचानक लापता हो गयी. ससुराल पक्ष ने कांति देवी की खोज शुरू करते हुए मायके वालों को इसकी सूचना दी. लेकिन कांति देवी की जानकारी नहीं मिल पायी.
नहर से मिला था अज्ञात महिला का शव
गुमशुदगी के करीब तीन दिन बाद डेहरी मुफस्सिल थाना ने थाना क्षेत्र के नहर से एक महिला का शव बरामद किया. मायके वालों ने शव की पहचान कांति देवी के रूप में करते हुए महिला के पति अरुण मेहता और ससुर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया.
हत्या के आरोप में पति और ससुर गये थे जेल
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में जेल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने मृतक महिला के शव का दाह संस्कार कर दिया.
नाम बदलकर गढ़वा में रह रही थी महिला
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कांति देवी जिंदा है और नाम बदलकर झारखंड के गढ़वा में रह रही है. महिला की बरामदगी के लिए एसपी मिस्टर राज के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया.
गढ़वा पुलिस के सहयोग से हुई बरामदगी
गठित पुलिस टीम ने गढ़वा पुलिस के सहयोग से महिला को सुरक्षित ढूंढ निकाला. महिला के जिंदा मिलने के बाद 12 साल पुराने मामले की जांच अब नये सिरे से शुरू कर दी गयी है.
पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
12 वर्ष तक अज्ञात महिला की पहचान दूसरे नाम से होने और शव का दाह संस्कार हो जाने के बाद पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं. वहीं, ससुराल पक्ष ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि जीवित महिला होने के बावजूद हत्या के मामले में उन्हें आरोपी बना दिया गया और जेल जाना पड़ा.
ससुराल पक्ष ने जांच पर उठाये सवाल
ससुराल पक्ष का कहना है कि पुलिस सभी पक्षों की अच्छे से जांच करती, तो यह स्थिति नहीं आती. महिला के जीवित मिलने के बाद अब पुराने मामले की जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं.
महिला को न्यायालय के सामने किया गया प्रस्तुत
एसपी ने बताया कि महिला को न्यायालय के सामने प्रस्तुत किया गया है. पुलिस को गुमराह करने के आरोप में महिला पर मामला दर्ज किया गया है. वहीं, मामले की जांच नये सिरे से शुरू कर दी गयी है.
ALSO READ : पितृपक्ष में कैमूर के यात्रियों को राहत, भभुआ रोड होकर गया जाएंगी दो स्पेशल ट्रेनें
