Rohtas News : रोहतास नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात में वर्षों से चली आ रही नली-गली और जलजमाव की समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. सुबह होते ही वार्ड के सैकड़ों महिला-पुरुष रोहतास प्रखंड मुख्यालय पहुंच गये और मुख्य गेट बंद कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक समस्या के समाधान की दिशा में काम शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
सैकड़ों महिला-पुरुष धरने में हुए शामिल
धरना शुरू होने के बाद धीरे-धीरे वार्ड के सैकड़ों महिला-पुरुष और स्थानीय नगरवासी इसमें शामिल हो गये. प्रदर्शनकारियों ने बताया कि शिवपुर वार्ड में लंबे समय से नली और सड़क की स्थिति खराब है. नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी गलियों और आसपास के इलाकों में जमा रहता है. जलजमाव के कारण लोगों को रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है.
आवेदन देने के बाद भी नहीं हुआ स्थायी समाधान
स्थानीय लोगों के अनुसार समस्या को लेकर नगर पंचायत रोहतास, बीडीओ, सीओ और रोहतास थाना में कई बार आवेदन देकर शिकायत की गयी. इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गयी. ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से ठोस पहल नहीं की गयी.
गंदगी और जलजमाव से बीमारी का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से जमा गंदे पानी और आसपास फैली गंदगी के कारण कई लोग बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं. जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. लोगों ने कहा कि यदि जल्द सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गयी तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी
खराब सड़क और जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. उन्हें पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है. महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को भी रोजाना इसी समस्या से जूझना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने नली, गली और सड़क की समस्या दूर करने के साथ जलजमाव से स्थायी निजात दिलाने की मांग की.
अधिकारियों के पहुंचते ही शुरू हुई बातचीत
धरने की सूचना मिलने पर बीडीओ ऋषिकेश कुमार, अंचल अधिकारी रोहतास, थानाध्यक्ष ललन कुमार और स्वच्छता पदाधिकारी सुमन कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने धरना पर बैठे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित स्थल का निरीक्षण भी किया.
आज से काम शुरू करने के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना
अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वार्ड में जिस स्थान पर जलजमाव और नली-गली की समस्या है, वहां आज से ही काम शुरू कराया जायेगा और समस्या का समाधान किया जायेगा. अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कर दिया. हालांकि, ग्रामीणों ने प्रशासन को 24 घंटे की मोहलत दी है. लोगों ने स्पष्ट किया कि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे.
वार्ड पार्षद समेत कई लोग रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में वार्ड पार्षद विनोद कुमार, वार्ड पार्षद गुलाम सरवर अंसारी, पूर्व सरपंच उपेंद्र राम, कृष्णा राम, संतोष कुमार, सीतेश कुमार, तारकेश्वर राम, सुरेंद्र राम, विनय कुमार, सुनील सुमन, बिपिन बोल्ड, रघुनाथ राम, अरविंद राम, चिंता देवी, उर्मिला देवी, जीरामणि देवी, रीता देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे.
