रोहतास जिले में एफएमडी (फुट एंड माउथ डिजीज) राउंड-7 टीकाकरण अभियान में कार्यरत टीका कर्मी एवं पशु मित्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्य का बहिष्कार कर दिया. इस संबंध में उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर आंदोलन की जानकारी दी.
आवेदन में बताया गया है कि विभाग के लिए वर्षों से कार्य करने के बावजूद अब तक उनके मानदेय एवं अन्य बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है. उनका आरोप है कि विभाग द्वारा कराए गए कार्यों का भुगतान लंबित रहने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
टीका कर्मी एवं पशु मित्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी लंबित मांगों का समाधान नहीं किया जाता और बकाया राशि का भुगतान नहीं होता, तब तक एफएमडी राउंड-7 टीकाकरण अभियान का बहिष्कार जारी रहेगा.
आवेदन देने वालों में प्रमोद कुमार सिंह (अध्यक्ष, पशु मित्र संघ, रोहतास), बिरेंद्र पासवान, पशु मित्र पिंटू कुमार, संजय सिंह, जितेंद्र कुमार, बुद्धानंद कुमार, फुलजीत सिंह एवं मनीष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
