संझौली. रोहतास जिले के संझौली प्रखंड क्षेत्र की उदयपुर पंचायत में पैक्स चुनाव के लिए सोमवार को सुबह निर्धारित समय सात बजे से मतदान शुरू हुआ. मतदान को लेकर मतदाता कर्मी और पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ पहले से ही बूथों पर तैनात रहे.
बारिश के बावजूद बूथों पर उमड़ी भीड़
सुबह से हो रही तेज और मध्यम बारिश के कारण शुरुआत में माना जा रहा था कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या कम रह सकती है. हालांकि, मतदान शुरू होते ही स्थिति बदल गई और बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई. बारिश के बावजूद मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला.
दोपहर एक बजे तक 25.4 प्रतिशत मतदान
मतदान की गति धीमी रहने के कारण दोपहर एक बजे तक 25.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी प्रभा कुमारी ने बताया कि बैलेट पेपर पर मतदाताओं को 11 मोहर लगानी पड़ रही है. इस वजह से प्रत्येक मतदाता को वोट डालने में थोड़ा अधिक समय लग रहा है.
तीन बूथों पर तैनात किए गए मजिस्ट्रेट
मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है. तीनों बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. प्रत्येक बूथ की निगरानी के लिए एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है.
गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बारिश के बीच मतदान पर प्रशासन की नजर
उदयपुर पंचायत पैक्स चुनाव को लेकर प्रशासन लगातार बूथों की निगरानी कर रहा है. बारिश के बावजूद मतदाताओं के मतदान केंद्रों तक पहुंचने से चुनाव प्रक्रिया में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं बनाए रखने का दावा किया है.
