Sasaram News : नोखा प्रखंड व्यापार मंडल सहयोग समिति के अध्यक्ष पद की चुनावी जंग अब आमने-सामने की हो गयी है. सोमवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी में अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवार अरविंद कुमार सिंह और राम अवध चौधरी के पर्चे वैध पाये गये. नामांकन पत्रों की जांच के दौरान किसी भी प्रत्याशी के पर्चे में आपत्ति या त्रुटि नहीं मिली.इसके साथ ही दोनों प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में बने रहने का रास्ता साफ हो गया है.
निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ शेफाली ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्रों की जांच पूरी करायी. स्क्रूटनी के बाद अब व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के लिए दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है. हालांकि 23 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद ही चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी.
नामांकन वैध होने के साथ ही दोनों प्रत्याशियों ने मतदाताओं से संपर्क तेज कर दिया है. गांवों से लेकर बाजार तक समर्थकों के साथ जनसंपर्क और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कवायद शुरू हो गयी है.
व्यापार मंडल के कुल 884 मतदाता अध्यक्ष पद के लिए मतदान करेंगे. निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान होगा. मतदान समाप्ति के बाद इसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किया जायेगा.
