प्रतिनिधि, नोखा. नोखा प्रखंड व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गयी है. शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन राम अवध चौधरी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. उनके नामांकन के साथ ही अध्यक्ष पद के लिए अब दो प्रत्याशी मैदान में हैं.
समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पहुंचे राम अवध चौधरी
राम अवध चौधरी अपने समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन के बाद समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया. इसके साथ ही व्यापार मंडल चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं.
व्यापारियों के हित में काम करने की कही बात
नामांकन के बाद राम अवध चौधरी ने व्यापारियों और मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन मांगा. उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल के सदस्यों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और उनके हित में काम करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी. उन्होंने व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और मंडल की गतिविधियों को प्रभावी बनाने की बात कही.
दो प्रत्याशी आमने-सामने, मतदाताओं की भूमिका अहम
अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों के मैदान में आने के बाद व्यापार मंडल के मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो गयी है. दोनों प्रत्याशी अपने-अपने समर्थन में मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं. बाजार से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापारियों के बीच चुनाव को लेकर चर्चा शुरू हो गयी है.
21 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच
प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ शेफाली ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी करायी गयी है. अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन पत्रों की जांच 21 सितंबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 23 सितंबर निर्धारित की गयी है.
30 सितंबर को मतदान और मतगणना की संभावना
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर 30 सितंबर को मतदान कराया जायेगा. इसी दिन मतगणना भी होगी. व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 884 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी.
कई पैक्स अध्यक्ष और समर्थक रहे मौजूद
राम अवध चौधरी के नामांकन के दौरान अभोक सिंह, आविन्द सिंह, अच्छे लाल सिंह, उपेंद्र सिंह, सूर्यदेव प्रसाद, संजय सिंह, वीरेंद्र सिंह उर्फ भूली मुखिया, जितेंद्र सिंह, ललन पासवान, राजाराम पटेल, प्रो. अशोक चौधरी, अनूप पटेल, संतोष पटेल, जितेंद्र कुमार और अनिल सिंह, अजय कुमार सहित कई पैक्स अध्यक्ष व समर्थक मौजूद रहे.
