Sasaram News : विज्ञान प्रदर्शनी व क्विज प्रतियोगिता में छात्रों की प्रतिभा का जलवा

जिले के विभिन्न प्रखंडों में विज्ञान प्रदर्शनी व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम से हुआ.

सासाराम ऑफिस. राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में विज्ञान प्रदर्शनी व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम से हुआ. प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्तर तक के स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लेकर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का परिचय दिया. आयोजन का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, जिज्ञासा आधारित प्रयोगों को प्रोत्साहन देना और विज्ञान, गणित व प्रौद्योगिकी विषयों को रुचिकर बनाना था. प्रदर्शनी व क्विज प्रतियोगिता तीन प्रमुख विषयों पर आधारित रही. इसमें कक्षा 6 से 12 तक के लिए विकसित भारत के लिए विज्ञान व नवाचार की संभावनाएं, कक्षा 6 से 8 तक के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग: संभावनाएं व चुनौतियां और कक्षा 9 से 12 तक के लिए क्वांटम युग का आगाज: संभावनाएं और चुनौतियां शामिल थे. इसी कड़ी में सासाराम प्रखंड संसाधन केंद्र में भी प्रतियोगिता हुई, जहां छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया. कक्षा 6 से 8 के क्विज में मध्य विद्यालय आकाशी की छात्रा खुशबू खातून प्रथम रहीं. कक्षा 9 से 10वीं के क्विज में हाइस्कूल रकसियां के अंकित गुप्ता और अरमान अंसारी विजेता बने. विज्ञान प्रदर्शनी में भी कक्षा 9 से 10वीं वर्ग में हाईस्कूल रकसियां के फैज रजा व पीयूष कुमार ने बाजी मारी. बीइओ सासाराम सोनू कुमार ने बताया कि प्रखंड स्तर पर प्रारंभिक व माध्यमिक श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है. सभी प्रखंडों की सूची 22 सितंबर तक जिला शिक्षा कार्यालय को भेजी जायेगी. इसके बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता आगामी 24 सितंबर को आयोजित होगी. कार्यक्रम में लेखपाल नागेंद्र राम, बीडीएमसी ऑपरेटर शाकिर अहमद, आलोक कुमार, गजाला फातमा, सबीना नाज, निरंतर सिंह, शिवदयाल चौधरी, कमलेश महतो समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRABHANJAY KUMAR

PRABHANJAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >