Rohtas News : रोहतास जिला के करगहर थाना क्षेत्र के सिरिसियां गांव के समीप रविवार को करगहर राजवाहा में नहाने के दौरान दस वर्षीय बालक तेज पानी के बहाव में बहकर गहरे पानी में डूब गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. स्थानीय गोताखोरों की काफी कोशिश के बाद भी बालक का पता नहीं चल सका. इसके बाद एसटीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया, जो प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बालक की तलाश में जुटी है.
दोस्तों के साथ नहाने गया था बालक
मृतक बालक की पहचान सिरिसियां स्थित मुसहर टोला निवासी बिगारू डोम के दस वर्षीय पुत्र चैता डोम के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि चैता डोम अन्य बच्चों के साथ सिरिसिया पुल के समीप करगहर राजवाहा में नहाने गया था. इसी दौरान तेज पानी के बहाव में बहते हुए वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया.
काफी देर बाद बच्चों को हुई अनहोनी की आशंका
बालक के साथ नहा रहे अन्य बच्चों ने पहले उसकी तलाश शुरू की. कुछ देर तक बच्चों को लगा कि वह तैरते हुए आगे निकल गया होगा. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन राजवाहा पर पहुंचे और पानी में उतरकर बालक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
स्थानीय गोताखोरों के बाद एसटीआरएफ ने संभाला मोर्चा
परिजनों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू करायी. काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका. इसके बाद एसटीआरएफ की टीम को सूचना दी गयी. टीम मौके पर पहुंचकर राजवाहा में बालक की तलाश कर रही है.
समाचार लिखे जाने तक एसटीआरएफ की टीम को बालक को बरामद करने में सफलता नहीं मिली थी. मौके पर बीडीओ अजीत कुमार, राजस्व पदाधिकारी मनीष कुमार गुरूआ, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार सहित एसटीआरएफ के कई जवान मौजूद थे.
