सासाराम के दरिगाव थाना क्षेत्र के ताराचंडी पहाड़ स्थित हनुमान धारा के समीप पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में देशी महुआ शराब बरामद किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 520 लीटर देशी महुआ शराब और दो मोटरसाइकिल जब्त किया है. पुलिस की कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
थानाध्यक्ष मितेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हनुमान धारा के समीप छापेमारी की. पुलिस को देखते ही शराब के धंधे में शामिल लोग मौके से भाग निकले. इसके बाद पुलिस ने वहां छिपाकर रखी गयी शराब को बरामद कर लिया. मौके से मिली दोनों मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है. शराब कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. उनकी पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. पुलिस अब जब्त मोटरसाइकिलों के आधार पर भी शराब कारोबारियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.
