नोखा में बस-बाइक की भीषण टक्कर, महिला की मौत; पति गंभीर रूप से घायल

Sasaram News : रोहतास के नोखा में तेज रफ्तार सोनभद्रा बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया.

Sasaram News : नोखा थाना क्षेत्र के आरा-सासाराम मुख्य पथ पर पेनार गांव के समीप बुधवार को तेज रफ्तार सोनभद्रा बस और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार महिला की मौत हो गयी, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा इतना जबरदस्त था कि बस सड़क किनारे बने यात्री शेड को तोड़ते हुए आगे निकल गयी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.

पति के साथ सासाराम जा रही थी महिला

मृतका की पहचान बघेला थाना क्षेत्र के कुझी गांव निवासी करीब 25 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है. वह अपने पति परमजीत कुमार के साथ बाइक से सासाराम जा रही थी. इसी दौरान पेनार गांव के समीप बिक्रमगंज से सासाराम की ओर जा रही सोनभद्रा बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे. हादसे में नेहा कुमारी को गंभीर चोटें आयीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.

Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

घायल पति को सासाराम सदर अस्पताल किया गया रेफर

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल परमजीत कुमार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नोखा पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद के सभापति राधेश्याम सिंह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल के इलाज की जानकारी ली.

बस की तेज रफ्तार से हादसा होने की बात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी. बाइक को टक्कर मारने के बाद बस सड़क किनारे बने यात्री शेड से जा टकरायी, जिससे शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया. घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे. नेहा की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी मातम का माहौल है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. साथ ही बस और बाइक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >