Son River flood warning: सोन नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में बारिश के कारण नदी का जलस्तर फिर बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि अधिक बारिश के कारण सभी नदियों और नहरों का जलस्तर पहले से काफी बढ़ा हुआ है. ऐसे में लोग नदियों और नहरों में नहाने, तैरने या अन्य किसी प्रयोजन से न उतरें. बच्चों का विशेष ध्यान रखने और सोन टीला पर नहीं जाने की सलाह दी गई है.
नदियों और नहरों में नहीं उतरें
प्रशासन ने लोगों को आगाह किया है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जान-माल की क्षति की आशंका बनी रहती है. इसलिए लोग नदी और नहर के आसपास जाने से बचें. विशेष रूप से बच्चों को जलस्रोतों से दूर रखने की अपील की गई है.
इंद्रपुरी बराज पर 2.54 लाख क्यूसेक पानी
सिंचाई विभाग के अनुसार गुरुवार की दोपहर एक बजे इंद्रपुरी बराज पर 2,54,365 क्यूसेक पानी उपलब्ध था. बराज का जलस्तर 355 फीट पर संतुलित रखते हुए सोन नदी के निचले हिस्से में पानी डिस्चार्ज किया जा रहा था. खरीफ फसलों की सिंचाई के लिए सभी लिंक नहरों में आवश्यकतानुसार पानी छोड़ा जा रहा है.
सिंचाई सृजन जल संसाधन विभाग, डेहरी के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी संयोजक नहर में 7,314 क्यूसेक, पश्चिमी समानांतर संयोजक नहर में 1,811 क्यूसेक और पूर्वी संयोजक नहर में 4,255 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है.
तीन जलाशयों से छोड़ा जा रहा पानी
अधिकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के रिहंद जलाशय से 8,148 क्यूसेक, मध्य प्रदेश के वाणसागर जलाशय से 3,307 क्यूसेक और झारखंड के मुहम्मदगंज भीम बराज से 40,148 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. बुधवार की सुबह 10 बजे मुहम्मदगंज भीम बराज में 1,74,280 क्यूसेक पानी उपलब्ध था. गुरुवार को यहां से 40,148 क्यूसेक पानी छोड़ा गया.
40 गेट खोलकर 2.40 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज
मुख्य अभियंता ने बताया कि इंद्रपुरी बराज पर जलस्तर 355 फीट संतुलित रखा गया है. बराज के कुल 69 गेटों में से 40 गेट खोलकर सोन नदी के निचले हिस्से में 2,40,985 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है.
कटाव वाले स्थानों पर अभियंताओं की तैनाती
जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. अधिकारी ने बताया कि जिन स्थानों पर कटाव की संभावना है, वहां अभियंताओं को मुस्तैद रखा गया है. आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्य कराने के लिए विभाग पूरी तरह सजग है.
