Encroachment Removal : नासरीगंज प्रखंड के धुस चौक स्थित सिंचाई विभाग की भूमि पर दुकान लगा जीविका चलाने वालों ने नगर पंचायत की नोटिस मिलने के बाद स्वयं ही दुकान हटाना शुरु कर दिया है. दुकानदार दीपक कुमार, विकास कुमार, बाल्मीकि कुमार ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय ने 13 सितंबर तक अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था. नोटिस के बाद प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए लोगों ने दुकान हटाना शुरू कर दिया है.
दुकानदारों ने कहा- बनाया जाये वेंडर जाेन
दुकानदारों ने कहा कि पूर्वजों के जमाने से हम इसी स्थल पर दुकान चला परिवार का भरण पोषण करते आ रहे हैं. नगर पंचायत के फरमान के बाद हमारे सामने रोजी रोटी का सवाल खड़ा हो गया है. नगर पंचायत को हमारी रोजी के लिए कोई विकल्प देना चाहिए. हमारे लिए वेंडर जोन बनाकर दिया जाए.
150 दुकानदारों को भेजा गया था नोटिस : इओ
इओ विकास कुमार ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के बड़ी बाजार, पोस्टल रोड, धुस, मंगल बाजर आदि के लगभग 150 दुकानों को 13 सितम्बर तक अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया गया है. एसडीएम से आदेश मिलने के बाद अतिक्रमण हटाना शुरु किया जाएगा. प्रशासनिक कार्रवाई से पहले दुकानदारों ने स्वयं अतिक्रमण हटा लिया है. तो, यह अच्छी पहल है. जो नोटिस की अवहेलना करेंगें उनपर कार्रवाई होगी.
