Rohtas News : रोहतास जिले के 18 सरकारी स्कूलों में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) कार्यक्रम का क्रियान्वयन नहीं होने पर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान ने संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा है.
पीबीएल लागू नहीं करने पर विभाग सख्त
जारी पत्र में कहा गया है कि संबंधित विद्यालयों में नामित विज्ञान एवं गणित विषय के शिक्षकों द्वारा प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रम संचालित नहीं किया जा रहा है. विभाग ने इसे वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना और सरकारी निर्देशों के पालन में लापरवाही माना है.
तीन दिनों में देना होगा जवाब
शिक्षा विभाग ने संबंधित प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे अविलंब कार्यक्रम को शुरू कराकर उसकी जानकारी दीक्षा पोर्टल पर अपलोड करें. साथ ही तीन दिनों के अंदर यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि आदेश का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई क्यों नहीं की जाए.
इन स्कूलों में नहीं हुआ कार्यक्रम का संचालन
जिन विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें करगहर, काराकाट, नौहट्टा, संझौली, दिनारा, राजपुर, चेनारी, शिवसागर और बिक्रमगंज प्रखंड के विद्यालय शामिल हैं. विभाग ने इन सभी स्कूलों में पीबीएल कार्यक्रम को जल्द लागू करने का निर्देश दिया है.
बीईओ को शत-प्रतिशत क्रियान्वयन कराने का आदेश
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी विद्यालयों में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रम का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं.
शिक्षा व्यवस्था में नवाचार पर जोर
प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय प्रयोग और गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर देना है. विभाग का मानना है कि इसके प्रभावी संचालन से छात्रों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होगी.
