Rohtas Sawan Somwari Rain: सावन की पहली सोमवारी पर सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाई. पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली. ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे नगर पंचायत चेनारी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का मौसम सुहावना हो गया.
श्रद्धालुओं ने बारिश के बीच किया जलाभिषेक
बारिश के बीच गुप्ताधाम सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की. हालांकि कई स्थानों पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या भी देखने को मिली, फिर भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं रही.
किसानों के लिए राहत की बारिश
बारिश से सबसे अधिक खुशी किसानों में देखी गई. किसानों ने बताया कि धान की रोपनी के बाद हुई यह वर्षा फसल के लिए बेहद लाभदायक है. इससे खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी, पौधों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई पर अतिरिक्त खर्च भी बचेगा. किसानों ने उम्मीद जताई कि समय-समय पर ऐसी वर्षा होने से इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होगी.
बाजारों में रही कम चहल-पहल
बारिश के कारण कुछ समय के लिए बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही, लेकिन मौसम सुहाना होने के बाद लोग घरों से बाहर निकलकर बारिश का आनंद लेते नजर आए. बच्चों ने भी बारिश में भीगकर सावन का आनंद उठाया.
बारिश ने खोली नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था की पोल
झमाझम बारिश के बाद नगर पंचायत चेनारी के कई वार्डों की सड़कों और गलियों में जलजमाव हो गया. कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहता रहा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई. स्थानीय लोगों ने नियमित नाला सफाई और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था की मांग की.
ईओ बोले- जलनिकासी का कार्य कराया जा रहा
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कुछ स्थानों पर अस्थायी जलजमाव की स्थिति बनी है. प्रभावित क्षेत्रों में सफाई टीम भेजकर नालियों की सफाई और जलनिकासी का कार्य कराया जा रहा है. जहां तकनीकी समस्या है, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा. उन्होंने नागरिकों से नालियों में कचरा नहीं फेंकने की भी अपील की.
इसे भी पढ़े: बिहार के इन 24 जिलों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की एडवाइजरी
