Sasaram News : गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के नारायण स्कूल ऑफ लॉ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से ‘जल बचाओ, जीवन बचाओ’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों ने अकोढ़ीगोला प्रखंड के चंदा बिगहा गांव में घर-घर जाकर लोगों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया और पानी की बर्बादी रोकने के उपायों की जानकारी दी.
वर्षा जल संचयन और विवेकपूर्ण उपयोग का दिया संदेश
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया. उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग और भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता के प्रति लोगों को प्रेरित किया. स्वयंसेवकों ने दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने और जल संरक्षण की आदतें अपनाने का संदेश भी दिया.
Also Read : कैमूर: गोबरछ की मुख्य सड़क जलजमाव से बनी तालाब, गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे राहगीर
प्रतिक्रिया प्रपत्र से किया गया कार्यक्रम के प्रभाव का मूल्यांकन
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों से प्रतिक्रिया प्रपत्र भरवाये गये. इसके माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम के प्रभाव का मूल्यांकन किया गया. स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को जल संकट की गंभीरता से अवगत कराते हुए जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया.
Also Read : भभुआ पुलिस केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों के प्रशिक्षण का एसपी ने लिया जायजा, दिये आवश्यक निर्देश
स्वयंसेवकों ने निभायी सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम में स्वाति कुमारी, आशु राज, श्रीकांत, आयुषी, सोनाली, नाजिया, कोमल, सोनल, अनीश सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभायी. सभी स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने में योगदान दिया.
जल संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व : सैयद कलीम अख्तर
कार्यक्रम सैयद कलीम अख्तर के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है. यदि आज जल बचाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाये गये, तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है.
उन्होंने लोगों से जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान ‘जल है तो कल है, जल बचाओ, जीवन बचाओ’ का संदेश दिया गया.
Also Read : भभुआ पुलिस केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों के प्रशिक्षण का एसपी ने लिया जायजा, दिये आवश्यक निर्देश
