Sasaram News : सासाराम शहर में आए दिन लगने वाले जाम से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है. यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन ने स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है. मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक राज की अध्यक्षता में हुई. जिसमें सासाराम की यातायात व्यवस्था का विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया गया. इसमें जाम प्रभावित इलाकों की निगरानी से लेकर अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों के सख्ती से पालन तक कई अहम फैसले लिये गये.
बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और जाम प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गयी. इसके बाद यातायात को निर्बाध बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गयीं. डीएम ने शहर में अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए विशेष अतिक्रमण दस्ता गठित करने का निर्देश दिया. यह दस्ता अलग-अलग इलाकों में लगातार निगरानी करेगा और अतिक्रमण मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
पहले माइकिंग, फिर अतिक्रमण पर कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले संबंधित इलाकों में माइकिंग कर लोगों को सूचना दी जाएगी. दुकानदारों और आम लोगों से सड़क व फुटपाथ खाली करने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की जाएगी. इसके बाद भी अतिक्रमण रहने पर कार्रवाई की जायेगी.
यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए संबंधित पदाधिकारी और ट्रैफिक पुलिस वाहन से नियमित भ्रमण करेंगे. इससे जाम वाले स्थानों की तत्काल पहचान कर जरूरी कदम उठाये जा सकेंगे. शहर के प्रमुख मार्गों पर बसों के अनावश्यक ठहराव पर रोक लगाने का भी निर्णय लिया गया है. साथ ही सिंगल लेन यातायात व्यवस्था को कड़ाई से लागू कराने का निर्देश दिया गया.
प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण, बेतरतीब वाहन परिचालन और प्रमुख सड़कों पर बसों के ठहराव से जाम की समस्या बढ़ती है. बैठक में सदर एसडीओ प्रिया रानी, नगर आयुक्त विकास कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एसडीपीओ संजीव कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
