रोहतास में पशु चोरों का आतंक, एक माह में आधा दर्जन पशु चोरी से पशुपालकों में दहशत

Sasaram News: रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के समहुता गांव से एक दुधारू भैंस रहस्यमय ढंग से गायब हो गई. पिछले एक माह में क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक पशु चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद पशुपालकों में भय और आक्रोश का माहौल है.

Sasarma News:(सुजीत कुमार) शिवसागर थाना क्षेत्र के समहुता गांव में सोमवार की रात एक भैंस गायब हो जाने से पशुपालक परिवार की चिंता बढ़ गई है. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण पूरे दिन भैंस की तलाश में जुटे रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.

जानकारी के अनुसार, समहुता गांव निवासी जमा तांती ने रोज की तरह अपनी दुधारू भैंस को घर के समीप बांध रखा था. बुधवार सुबह जब वे पशु को देखने पहुंचे तो भैंस वहां नहीं थी. इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों, खेतों और संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली.

लगातार बढ़ रही हैं पशु चोरी की घटनाएं

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. पिछले एक माह के दौरान शिवसागर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आधा दर्जन से अधिक पशु चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं. कुछ दिन पहले भद्रशीला गांव में भी बथान से दो भैंसों की चोरी कर ली गई थी. इसके अलावा अन्य गांवों से भी गाय और भैंसों के गायब होने की शिकायतें मिलती रही हैं. लगातार हो रही घटनाओं ने पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है.

संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि क्षेत्र में कोई संगठित पशु चोर गिरोह सक्रिय हो सकता है. उनका कहना है कि पशुपालन कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है. ऐसे में बार-बार पशुओं की चोरी होने से लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.

आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

इस संबंध में शिवसागर थाना के अपर थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. हालांकि अभी तक किसी प्रकार का लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: बक्सर के सहयोग शिविर में देर से पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारी, विधायक ने सुनी लोगो की समस्या

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >