सासाराम तिलौथू में मंत्री दीपक प्रकाश से महिलाओं ने रखीं पंचायत की समस्याएं,. शोकाकुल परिवारों से भी की मुलाकात

तिलौथू के चोरकप गांव में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से महिलाओं ने नल-जल और नली-गली जैसी समस्याओं को लेकर शिकायत की, मंत्री ने समाधान का आश्वासन दिया।

तिलौथू. स्थानीय प्रखंड के चोरकप गांव में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. मां काली मंदिर के पास बड़ी संख्या में जुटी महिलाओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया. इसके बाद महिलाओं ने पंचायत की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया.

महिलाओं ने गिनाईं पंचायत की प्रमुख समस्याएं

महिलाओं ने मंत्री से कहा कि पंचायत में नाली-गली का निर्माण अधूरा है. नल-जल योजना सही ढंग से काम नहीं कर रही है और कई जरूरतमंद परिवारों को इंदिरा आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है. उन्होंने पंचायत की बुनियादी सुविधाओं को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की.

मंत्री ने समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

मंत्री दीपक प्रकाश ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पंचायत की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि नल-जल व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा और अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी ग्रामीण को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा.

'मंत्री नहीं, अपने बेटे से मांग रहे हैं अधिकार'

ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि वे किसी मंत्री से नहीं, बल्कि अपने बेटे से हक और अधिकार मांग रही हैं. महिलाओं की इस बात पर मंत्री दीपक प्रकाश ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए समस्याओं के समाधान का भरोसा दोहराया.

शोकाकुल परिवारों से मिलकर जताई संवेदना

गांव भ्रमण के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश भिंसडा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत धनंजय सिंह के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी. इसके बाद चितौली गांव में सोन नदी में डूबने से मृत संजय कुमार के पुत्र के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की. लौटने के क्रम में वे पड़रिया गांव भी पहुंचे, जहां सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले भोला सिंह के 25 वर्षीय पुत्र के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया.

ग्रामीणों ने जताई विकास कार्यों से उम्मीद

मंत्री के दौरे के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पंचायत की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान होगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी. लोगों ने कहा कि यदि किए गए आश्वासनों पर अमल हुआ तो क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >