रोहतास के नोखा में जल्द बनेगा डीलक्स सार्वजनिक शौचालय, खरीदे जाएंगा एसी शव वाहन

Sasaram News: रोहतास में सशक्त स्थायी समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. एसी शवदाह वाहन खरीद, डीलक्स शौचालय निर्माण, पार्षदों को यात्रा भत्ता और स्ट्रीट लाइट व नाला सफाई जैसे मुद्दों पर निर्णय लिए गए.

Sasaram News: (रंजन कुमार ) रोहतास के नोखा नगर परिषद के सभा कक्ष में सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. जिसमें नगर विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया. बैठक की शुरुआत नव-मनोनित सदस्यों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई. बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद के सभापति राधेश्याम सिंह ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार नेकी ने किया. इस दौरान नगर परिषद के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

एसी शव वाहन खरीदने का प्रस्ताव पारित

कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार नेकी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर क्षेत्र के लिए अत्याधुनिक एसी शवदाह वाहन खरीदने का प्रस्ताव पारित किया गया है. इससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक बनाया जा सकेगा.

डीलक्स सार्वजनिक शौचालय का होगा निर्माण

बैठक में बस स्टैंड के समीप स्थित सार्वजनिक शौचालय को डीलक्स मॉडल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया. इससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

पार्षदों को मिलेगा मासिक यात्रा भत्ता

सभी पार्षदों को जनसंपर्क और क्षेत्रीय भ्रमण के लिए प्रति माह 10 हजार रुपये यात्रा भत्ता देने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी.

गोदाम के स्वामित्व की होगी जांच

घोसिया स्थित निर्मित गोदाम के स्वामित्व और उपयोग को लेकर भी चर्चा की गई. समिति ने निर्णय लिया कि संबंधित मार्केटिंग ऑफिसर से पत्राचार कर यह जानकारी प्राप्त की जाएगी कि उक्त गोदाम किस विभाग या संस्था के अधीन है.

कार्य में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए समिति ने यह निर्णय लिया कि जिन संवेदकों को टेंडर मिलने के बावजूद कार्य शुरू नहीं किया गया है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा. साथ ही निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने पर जोर दिया गया.

स्ट्रीट लाइट और नालों की सफाई को प्राथमिकता

नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई लाइट लगाने के साथ-साथ नालों की उड़ाही (सफाई) कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्णय लिया गया.

बेहतर सुविधाओं के लिए प्रतिबद्धता दोहराई

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नगर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई. बैठक में उप सभापति धनजी सिंह, सिटी मैनेजर प्रवीण कुमार ओझा, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य प्रमोद शर्मा, मनोज कुमार, नयेमा खातून, टैक्स दरोगा सत्यनारायण प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

Also Read: पूर्व PM चंद्रशेखर के जन्म शताब्दी वर्ष पर बक्सर में होगा भव्य समारोह, आयोजन समिति ने शुरू की तैयारियां

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >