Sasaram News: (सुजीत कुमार) रोहतास जिले के शिवसागर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के प्रभारी अभिषेक कुंदन को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया है. जिसके बाद उनको जेल भेज दिया गया.
जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन मणीराज रंजन जब सूचना मिलने पर उनका हालचाल जानने सरकारी क्वार्टर पहुंचे, तो वहां की स्थिति देख हैरान रह गए. प्रभारी नशे की हालत में थे. वहीं उन्होंने सिविल सर्जन के साथ बदसलूकी भी की.
उत्पाद विभाग ने की कार्रवाई, क्वार्टर से शराब बरामद
घटना के बाद तुरंत उत्पाद विभाग की टीम को बुलाया गया. टीम ने प्रभारी के क्वार्टर से एक भरी बोतल, एक आंशिक भरी बोतल, एक खाली बोतल के साथ ग्लास में मौजूद शराब सहित कुल 1.09 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की. ब्रेथ एनालाइजर जांच में नशे की पुष्टि होने के बाद अभिषेक कुंदन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
विभागीय कार्रवाई तय, CS ने बताया गंभीर मामला
सिविल सर्जन मणीराज रंजन ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि एक डॉक्टर और सरकारी कर्मचारी से इस तरह की हरकत कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती. उन्होंने पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी है और अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस और उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस और उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. CHC से थाना की दूरी महज 200 मीटर है, बावजूद इसके पहले कभी इस तरह की गतिविधियों पर ध्यान नहीं दिया गया. चर्चा है कि प्रभारी खुलेआम शराब का सेवन कर रहे थे, लेकिन किसी ने कार्रवाई नहीं की.
Also Read: बक्सर में वार्ड सदस्य के घर चोरी, छत के रास्ते घर में घुसकर नकदी-जेवर लेकर फरार हुए चोर
