सासाराम में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता रैली, युवाओं को तंबाकू मुक्त समाज का दिया संदेश

Sasaram News: सासाराम में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई. रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू और निकोटिन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया.

Sasaram News: (जितेंद्र कुमार पासवान) रोहतास जिले के सासाराम में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को रोहतास जिले के सदर अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई. नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित इस रैली को सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन एवं एनसीडीओ डॉ. राजीव रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. रैली का उद्देश्य लोगों को तंबाकू और निकोटिन उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को बढ़ती निकोटिन की लत से बचाने के लिए जनजागरूकता फैलाना था.

युवाओं को निशाना बना रहा तंबाकू उद्योग

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम आकर्षण की सच्चाई उजागर करना और निकोटिन एवं तंबाकू की लत का मुकाबला करना निर्धारित की गई है. उन्होंने कहा कि तंबाकू उद्योग युवाओं को आकर्षित करने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहा है. फ्लेवर्ड ई-सिगरेट, निकोटिन पाउच और सोशल मीडिया प्रचार के माध्यम से युवाओं को तंबाकू और निकोटिन की लत की ओर धकेला जा रहा है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है.उन्होंने लोगों से तंबाकू उत्पादों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की.

“तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो” का संदेश

जागरूकता रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नो टोबैको डे और तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया.

कर्मचारियों की हुई ओरल स्क्रीनिंग

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंजलि सिंह ने बताया कि संस्थान परिसर में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों की ओरल स्क्रीनिंग (मुख जांच) भी कराई गई. जांच के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाली बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान करने का प्रयास किया गया. विशेषज्ञों ने मुख कैंसर, दांत एवं मसूड़ों की बीमारियों समेत तंबाकू से होने वाले अन्य गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों की भी जानकारी दी.

तंबाकू छोड़ने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से तंबाकू और निकोटिन उत्पादों का सेवन छोड़ने का संकल्प लेने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी बेहद आवश्यक है.

Also Read:रोहतास में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव संपन्न, तीन सदस्यों ने ली शपथ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >