Sasaram News (रंजन कुमार) : नोखा अभय इंडियन गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी व अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत को लेकर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान गैस गोदाम सहित आसपास के किराना दुकानों की भी जांच की गई. छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौके पर पहुंचे व अपनी शिकायतें एसडीएम के समक्ष रखीं. उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर की निर्धारित कीमत 980 रुपये होने के बावजूद एजेंसी द्वारा 1013 रुपये वसूले जा रहे हैं.इसे लेकर आम लोगों में भारी नाराजगी देखी गई. उपभोक्ताओं की शिकायत सुनते ही एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने गैस एजेंसी संचालक अभिषेक कुमार को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की मनमानी और अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी.एसडीएम ने कहा कि यदि दोबारा इस तरह की शिकायत मिली तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया जाएगा.छापेमारी के दौरान गैस गोदाम में रखे सिलेंडरों की जांच की गई तथा स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने यह भी जांच की कि कहीं व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग तो नहीं किया जा रहा है.वहीं किराना दुकानों में भी आवश्यक वस्तुओं की कीमत व स्टॉक की जांच की गई.
नोखा में गैस एजेंसी पर कार्रवाई से आम लोगों में संतोष
एसडीएम ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई दुकानदार या गैस एजेंसी निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें. प्रशासन आम जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. उधर छापेमारी अभियान से क्षेत्र के दुकानदारों और गैस एजेंसियों में हड़कंप मच गया. प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर आम लोगों ने संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी डॉ सुजीत कुमार, थाना अध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राहुल कुमार, सहित पुलिस बल के जवान और ग्रामीण मौजूद थे.
Also Read : गोपालगंज के स्कूलों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी की तैयारी तेज
