नगर पंचायत चेनारी में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. शाम ढलते ही मच्छरों के झुंड घरों में घुसने लगते हैं. बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को मच्छरों से बचने के लिए अगरबत्ती, क्वायल और धुआं जैसे घरेलू उपायों का सहारा लेना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से मच्छररोधी दवा का छिड़काव नहीं होने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.
जलजमाव और गंदगी बनी मच्छरों की फैक्ट्री
नगर पंचायत चेनारी के कई वार्डों में नालियों की समुचित सफाई नहीं होने और जगह-जगह जलजमाव के कारण गंदा पानी जमा है. बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यही जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का बड़ा केंद्र बन गया है. शाम होते ही इन स्थानों के आसपास मच्छरों का झुंड मंडराने लगता है और कुछ ही देर में आसपास के घरों तक पहुंच जाता है.
मच्छरों से रात की नींद भी हो रही प्रभावित
मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण रात में लोगों की नींद प्रभावित हो रही है. अभिभावकों को बच्चों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाने की चिंता सता रही है. ग्रामीणों का कहना है कि पहले समय-समय पर मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराया जाता था, जिससे काफी राहत मिलती थी. अब नियमित छिड़काव नहीं होने से परेशानी बढ़ गयी है.
मच्छरों से पशु भी परेशान
मच्छरों के बढ़ते प्रकोप का असर केवल इंसानों पर ही नहीं, बल्कि पशुओं पर भी पड़ रहा है. पशुपालकों के अनुसार, शाम होते ही पशुशालाओं में मच्छरों के झुंड पहुंच जाते हैं. पशुओं को राहत देने के लिए ग्रामीणों को धुआं करना पड़ता है. इससे पशुपालकों का समय और मेहनत दोनों बढ़ रहे हैं.
मशीन खड़ी, मच्छर सक्रिय, जिम्मेदारों पर सवाल
मच्छरों के आतंक के बीच नगर पंचायत कार्यालय के पास फॉगिंग मशीन खड़ी होने को लेकर लोगों में नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि मच्छर भगाने वाली मशीन लोगों को राहत देने के बजाय शोभा की वस्तु बनी हुई है. लोगों ने सवाल उठाया कि जब नगर पंचायत के पास फॉगिंग मशीन उपलब्ध है तो उसका नियमित इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है.
चुनाव के वादों को लेकर भी लोगों में नाराजगी
ग्रामीण विशाल जायसवाल, विजय गुप्ता और चंदन कुमार ने कहा कि चुनाव से पहले विकास और बेहतर व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे किये गये थे. लेकिन चुनाव के बाद आम लोगों की बुनियादी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है. ग्रामीणों ने कहा कि अगले वर्ष 2027 में फिर चुनाव होंगे और उस समय दोबारा बड़े-बड़े वादे किये जा सकते हैं, लेकिन वर्तमान में छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान भी नहीं हो पा रहा है.
नियमित फॉगिंग और जलजमाव हटाने की मांग
नगर पंचायत चेनारी के सोनू यादव, रमन गुप्ता, कन्हैया शर्मा, अजय कुमार, सरोज गुप्ता समेत अन्य लोगों ने नियमित रूप से मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने की मांग की है. लोगों ने जलजमाव वाले स्थानों की सफाई कराने और मच्छरों के प्रकोप से तत्काल राहत दिलाने की भी मांग की है.
समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बढ़ेगी परेशानी
स्थानीय लोगों ने कहा कि बरसात के मौसम में अगर समय रहते जलजमाव और मच्छरों की समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो परेशानी और बढ़ सकती है. लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से फॉगिंग मशीन का नियमित इस्तेमाल कराने और जलजमाव वाले स्थानों की सफाई कराने की मांग की है.
