Sasaram Medical Negligence : रोहतास जिले के कोचस प्रखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. प्रखंड जदयू सह बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को जिलाधिकारी (डीएम) दीपक कुमार मिश्रा से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए संबंधित कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए. डीएम के सामने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की कई गंभीर समस्याओं की शिकायत की. अपने आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि सीएचसी में लंबे समय से पदस्थ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विकास कुमार की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह कई बार शराब के नशे में इधर-उधर पड़े रहते हैं. इससे मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है.
प्रोत्साहन राशि में लापरवाही और कर्मियों के ट्रांसफर की मांग
इसके अलावा उन्होंने लेखापाल सुरेश राम पर डिलेवरी और बंध्याकरण से जुड़े मरीजों के खातों में प्रोत्साहन राशि समय पर नहीं भेजने का आरोप लगाया. उनका स्थानांतरण करने की मांग की. साथ ही सीएचसी में खाली पड़े लिपिक पदों को भरने और सीडीपीओ कार्यालय में लंबे समय से कार्यरत डाटा ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार का तबादला करने की भी मांग रखी. डीएम ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
Sasaram News : प्रोत्साहन राशि और प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
बीस सूत्री अध्यक्ष ने अपने आवेदन में खास तौर पर यह मुद्दा उठाया कि सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि समय पर लाभार्थियों तक नहीं पहुंच रही है. डिलेवरी और बंध्याकरण कराने वाले मरीजों को मिलने वाली राशि में देरी से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की.
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लंबे समय से एक ही जगह पर जमे कर्मियों के कारण कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है. इसलिए आवश्यक है कि ऐसे कर्मियों का स्थानांतरण कर व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त किया जाए.
DM ने दिया कार्रवाई का भरोसा
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने मुलाकात के दौरान सभी शिकायतों को ध्यान से सुना और भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कदम उठाया जाएगा.
Medical Negligence : डाटा ऑपरेटर के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा
इस मामले के बीच अस्पताल परिसर में हुई बदसलूकी की घटना ने भी तूल पकड़ लिया है. गुरुवार को औचक निरीक्षण के दौरान बीस सूत्री अध्यक्ष हरिहर प्रसाद सिंह और उनके साथ मौजूद चार से पांच लोगों पर सीएचसी में तैनात डाटा ऑपरेटर पंकज कुमार के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है. पीड़ित ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिए आवेदन में बताया कि वह दवा काउंटर पर अपनी ड्यूटी कर रहा था, तभी अध्यक्ष और उनके सहयोगी उसके कार्यालय में घुस आए और उससे अभद्र भाषा में बात करने लगे. आरोप है कि इस दौरान उसका कॉलर पकड़कर उसे जबरन कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया. इस घटना के बाद अस्पताल कर्मियों में आक्रोश है और मामले ने स्थानीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है.
Health System Controversy : अस्पताल प्रबंधन ने शुरू की कार्रवाई
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ तुषार कुमार ने बताया कि डाटा ऑपरेटर के साथ हुई घटना को गंभीरता से लिया गया है. इस संबंध में सिविल सर्जन को पत्र भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
कोचस का यह मामला अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. एक तरफ स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही के आरोप हैं, तो दूसरी तरफ अस्पताल में हुई बदसलूकी ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है. अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में कितना सुधार हो पाता है.
