कोचस. नगर पंचायत के वार्ड संख्या 7 में मुख्य मार्ग पर जलजमाव की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. सड़क पर जमा पानी के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहीं स्थानीय लोगों को रोजाना आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
मुख्य सड़क पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता है. इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है. बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है.
नाला निर्माण नहीं होने से बनी समस्या
वार्ड की निवासी भाजपा नेत्री पूनम श्रीवास्तव, किरण कुमारी, सचिन कुमार सिंह, सतेंद्र प्रसाद गुप्ता और राजकिशोर यादव सहित अन्य लोगों ने बताया कि नगर प्रशासन की उदासीनता के कारण अब तक जल निकासी के लिए नाला निर्माण नहीं कराया गया है. उनका कहना है कि कई बार वार्ड पार्षद और नगर प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका.
फंड के अभाव में अटका नाला निर्माण
वार्ड पार्षद सुनील देवी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में ही नाला निर्माण की योजना बोर्ड से स्वीकृत हो चुकी थी. हालांकि, पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सका. उन्होंने कहा कि फंड मिलते ही योजना पर काम शुरू कराया जाएगा.
नगर प्रशासन ने दिया जल्द समाधान का भरोसा
इस संबंध में नगर कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) ओमप्रकाश सिंह ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही. वहीं मुख्य पार्षद शबनम परवीन ने बताया कि नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति का गठन नहीं होने के कारण कई विकास कार्य प्रभावित रहे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित योजनाओं को जल्द पूरा कराया जाएगा और वार्ड की जलजमाव समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
