सासाराम : चेनारी में ऑटो-ई-रिक्शा की मनमानी से लगा जाम, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस को भी करना पड़ा इंतजार

चेनारी में ऑटो और ई-रिक्शा की मनमानी से मुख्य सड़क पर रोजाना जाम लग रहा है। स्कूली बच्चे और एंबुलेंस के फंसने से स्थानीय लोग परेशान हैं। प्रशासन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन।

नगर पंचायत चेनारी में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से ऑटो और ई-रिक्शा खड़े करने से रोजाना जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है. पेंवदी मोड़ और संत सिंह चौक के आसपास सवारी बैठाने की होड़ में चालक मुख्य सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं. इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सुबह सात बजे ही मुख्य सड़क पर लग गयी वाहनों की कतार

शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे मुख्य सड़क पर ऑटो और ई-रिक्शा की कतार लगने से जाम की स्थिति बन गयी. सड़क पर वाहनों की भीड़ के बीच स्कूली बच्चे और एंबुलेंस भी फंसे नजर आए. इससे लोगों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी.

. | Prabhat Khabar Network

सवारी बैठाने के चक्कर में सड़क बनी ऑटो स्टैंड

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ऑटो चालक कहीं भी वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने लगते हैं. इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और दोनों ओर से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है. स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है. ऐसे में बच्चों को जाम के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है.

ग्रामीण बोले, समझाने पर भी नहीं मानते ऑटो चालक

ग्रामीण कन्हैया शर्मा ने बताया कि पेंवदी मोड़ और संत सिंह चौक के पास लंबे समय से ऑटो चालक सड़क पर वाहन खड़ा कर रहे हैं. कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ. सड़क से ऑटो हटाने की बात कहने पर कुछ चालक विवाद करने पर उतारू हो जाते हैं.

ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड बनाने की मांग

स्थानीय निवासी विक्की गुप्ता ने कहा कि ऑटो चालकों की मनमानी से आम लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है. प्रशासन को ऑटो और ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्थान तय करना चाहिए, ताकि मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति न बने.

. | Prabhat Khabar Network

स्कूल के समय विशेष यातायात व्यवस्था की जरूरत

ग्रामीण अरविंद चौरसिया ने कहा कि स्कूल के समय यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी की जरूरत है. एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों का जाम में फंसना गंभीर समस्या है. प्रशासन को सड़क को ही स्टैंड बनाने वाले ऑटो चालकों पर कार्रवाई करनी चाहिए. ग्रामीणों ने पेंवदी मोड़ और संत सिंह चौक के आसपास नियमित निगरानी की मांग की है.

अवैध पार्किंग करने वाले ऑटो चालकों पर होगी कार्रवाई

नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने कहा कि सड़क पर अवैध तरीके से वाहन खड़ा कर जाम लगाने की शिकायत की जांच करायी जाएगी. यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले ऑटो चालकों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहनों का बेतरतीब ठहराव किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग के सहयोग से ऑटो के लिए व्यवस्थित स्थान निर्धारित कराने की पहल की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >