Sasaram News : रोहतास जिले के डेहरी, अकोढ़ीगोला और नासरीगंज के पैक्स अध्यक्षों की बैठक दरिहट पैक्स अध्यक्ष सुरेश प्रसाद के कार्यालय में हुई. बैठक की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने की. बैठक में कुल 23 पैक्स अध्यक्ष शामिल हुए.
सीसी लोन के अतिरिक्त ब्याज को खत्म करने की मांग
बैठक में प्रस्ताव पारित कर किसानों से धान खरीद के लिए पैक्सों को मिलने वाले सीसी लोन पर लगने वाले अतिरिक्त ब्याज को खत्म करने की मांग की गई. पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि बिहार राज्य खाद्य निगम की ओर से समय पर भुगतान नहीं होने के कारण समितियों पर ब्याज का अनावश्यक बोझ बढ़ता जा रहा है.
भुगतान में देरी से पैक्सों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
पैक्स अध्यक्षों ने बताया कि धान खरीद के लिए समितियों को सीसी ऋण उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन धान की राशि का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जाता है. पैक्स इस राशि का किसी अन्य कार्य में उपयोग नहीं करते हैं. इसके बावजूद सीसी ऋण पर लगने वाले ब्याज का भार समितियों को ही वहन करना पड़ता है.
48 घंटे में भुगतान का प्रावधान, महीनों तक अटका रहता है पैसा
बैठक में पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि जिस दिन एसएफसी चावल को स्वीकृत करता है, उसके 48 घंटे के भीतर भुगतान हो जाना चाहिए. लेकिन कई मामलों में एसएफसी के पास राशि कई-कई महीने तक लंबित रहती है. भुगतान में देरी के कारण सीसी लोन पर ब्याज बढ़ता जाता है और इसका सीधा असर पैक्सों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है.
पैक्स अध्यक्षों ने बनाया संयोजक मंडल
बैठक के दौरान पैक्स अध्यक्षों ने अपनी मांगों को मजबूती से रखने और संबंधित विभाग के समक्ष मुद्दा उठाने के लिए संयोजक मंडल का गठन किया. अध्यक्षों ने कहा कि अतिरिक्त ब्याज की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो पैक्सों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा.
बैठक में कई पैक्स अध्यक्ष रहे मौजूद
बैठक में मनोज कुमार सिंह, अजय कुमार, कमलेश मोहन, प्रदीप कुमार, राहुल कुमार ओझा, मदन मुरारी सिंह, राजेश कुमार, कृष्णा सिंह, आजाद शत्रु सहित अन्य पैक्स अध्यक्ष मौजूद थे.
