शिवसागर प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत सरकार भवन में पिछले करीब एक सप्ताह से आरटीपीएस काउंटर का कार्य प्रभावित है. इससे जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र समेत अन्य सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन करने पहुंच रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शनिवार को भी कई लोग पंचायत सरकार भवन पहुंचे, लेकिन काउंटर बंद मिलने पर निराश होकर लौट गये.
गिरधरिया गांव निवासी राकेश कुमार अपने बेटे का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए शनिवार को पंचायत सरकार भवन पहुंचे थे. काउंटर बंद मिलने पर वह निराश होकर लौट रहे थे. उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिनों से लगातार यहां आ रहे हैं, लेकिन आरटीपीएस काउंटर नहीं खुल रहा है. बेटे का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आये थे, लेकिन अब तक आवेदन नहीं हो सका.राकेश की तरह कई अन्य लोग भी जरूरी काम के लिए पंचायत सरकार भवन पहुंच रहे हैं. काउंटर बंद रहने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है.
ग्रामीणों का कहना है कि आरटीपीएस काउंटर बंद रहने से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र सहित अन्य सरकारी कार्यों के लिए परेशानी बढ़ गयी है. लोगों ने काउंटर नियमित रूप से खोलने की मांग की है.
बताया जाता है कि पंचायत सरकार भवन में कार्यरत कार्यपालक सहायक को राशन कार्ड से संबंधित कार्य के लिए अनुमंडल कार्यालय में डिप्टेशन पर भेजा गया है. इसके कारण आरटीपीएस काउंटर का काम प्रभावित हुआ है. जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए 21 दिनों के भीतर आवेदन करने पर प्रक्रिया सामान्य रहती है. निर्धारित अवधि के बाद प्रमाणपत्र बनवाने में अतिरिक्त औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ सकती हैं. ऐसे में काउंटर बंद रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है.
सोमवार से होगी वैकल्पिक व्यवस्था : बीडीओ
बीडीओ मोहित भारद्वाज ने बताया कि राशन कार्ड से संबंधित कार्य के लिए कार्यपालक सहायक को अनुमंडल कार्यालय में डिप्टेशन पर भेजा गया है. लोगों की सुविधा के लिए सोमवार से वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी. जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए लोग फिलहाल प्रखंड कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं.
