AIBE Result 2026 : रोहतास जिले के बघैला थाना क्षेत्र अंतर्गत लिलारी गांव, पोस्ट-मेयारी बाजार निवासी किसान उमेश सिंह एवं गृहिणी ममता सिंह के पुत्र अमन कुमार ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) उत्तीर्ण कर अपने परिवार, गांव और पूरे रोहतास जिले का नाम गौरवान्वित किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है, जबकि ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक सफलता बताया है.
Rohtas News : शिक्षा से लेकर AIBE तक का सफर
अमन कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी बीएसईबी, पटना से पूरी की. इसके बाद उन्होंने शेरशाह कॉलेज, सासाराम से राजनीति विज्ञान (ऑनर्स) में स्नातक की डिग्री प्राप्त की. स्नातक के बाद उन्होंने विधि के क्षेत्र में अपना करियर बनाने का निर्णय लिया. दिल्ली से लॉ की पढ़ाई की और लगातार मेहनत के बल पर ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) में सफलता हासिल की. इस परीक्षा को पास करने के बाद अब वे विधि व्यवसाय (एडवोकेसी) करने के लिए पात्र हो गए हैं.
माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर अमन कुमार ने कहा कि इस उपलब्धि का पूरा श्रेय उनके माता-पिता और परिवार के सदस्यों को जाता है, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि यह उनके करियर की केवल शुरुआत है और आगे भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत के साथ कानून के क्षेत्र में कार्य करते हुए समाज की सेवा करने का प्रयास करेंगे.
परिवार ने जताया गर्व
अमन कुमार के दादा त्रिभुवन सिंह और बड़े पिताजी अमित सिंह ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अमन ने अनुशासन, लगन और कठिन परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. उन्होंने कहा कि परिवार को अमन पर गर्व है और विश्वास है कि वह भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
अमन कुमार की सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. ग्रामीणों ने कहा कि अमन की उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता निश्चित मिलती है. उनकी सफलता क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कानून और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं.
