सासाराम जिले में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चल रही योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने नाराजगी जतायी है. गुरुवार की देर शाम डीएम की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में प्रभारी पर्यटन पदाधिकारी विनय प्रताप समेत संबंधित अभियंता मौजूद रहे.
सलीम शाह मकबरा से इंद्रपुरी बराज तक योजनाओं की समीक्षा
बैठक के दौरान सलीम शाह के मकबरा परिसर के जीर्णोद्धार, इंद्रपुरी बराज गार्डन के विकास, सासाराम में बजट होटल निर्माण जी+5 और इंद्रपुरी बराज डेहरी हाट के समीप आधारभूत संरचना निर्माण जी+1 समेत अन्य पर्यटन योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गयी.
धीमी प्रगति पर डीएम ने जतायी नाराजगी
जिला पदाधिकारी ने योजनाओं की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए.
समय पर पूरी हों रोहतास की पर्यटन योजनाएं
डीएम ने कहा कि जिले में पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इन योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. इससे जिले में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया.
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश
डीएम ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. संबंधित विभाग योजनाओं की लगातार समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कराएं.
पर्यटन विकास को मिलेगी गति
बैठक में अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्माण से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन का उद्देश्य जिले की महत्वपूर्ण पर्यटन योजनाओं को समय पर पूरा कर पर्यटकों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करना है.
