रोहतास के गुप्ताधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, पहली सोमवारी पर डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन की पहली सोमवारी पर गुप्ताधाम में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। कैमूर की वादियां हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठीं।

सावन की पहली सोमवारी पर रोहतास जिले के विश्वप्रसिद्ध गुप्ताधाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. कैमूर की वादियां दिनभर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजती रहीं. रविवार की रात 12 बजे तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक कर चुके थे. वहीं सोमवार सुबह तक यह संख्या बढ़कर डेढ़ लाख से अधिक पहुंच गई.

देश के कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु

गुप्ताधाम सेवा समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह खरवार ने बताया कि इस बार पहली सोमवारी पर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक श्रद्धालु पहुंचे. बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे. पहाड़ों और प्राकृतिक गुफाओं के बीच स्थित इस प्राचीन शिवधाम में दर्शन के लिए कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं. घंटों इंतजार के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी.

गुप्ताधाम का धार्मिक महत्व

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भस्मासुर से बचने के दौरान भगवान शिव ने इसी गुफा में आश्रय लिया था. तभी से यह स्थान गुप्ताधाम के नाम से प्रसिद्ध हुआ. गुफा के भीतर स्थित स्वयंभू शिवलिंग पर सावन माह में जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.

सुरक्षा के लिए 250 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. पु.अनि. सह थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार के नेतृत्व में 250 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान मंदिर परिसर, गुफा मार्ग तथा प्रमुख स्थानों पर तैनात रहे. बैरिकेडिंग, माइकिंग और लगातार निगरानी के कारण भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुचारु रही.

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर श्रद्धालुओं ने जताई नाराजगी

भारी भीड़ के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कुछ श्रद्धालुओं ने नाराजगी भी जताई. उनका कहना था कि भीड़ के अनुपात में मेडिकल टीम पर्याप्त नहीं थी. उमस, थकान, दर्द और बुखार से परेशान कई श्रद्धालुओं को समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी. कुछ लोगों को निजी साधनों से उपचार के लिए बाहर ले जाना पड़ा. श्रद्धालुओं ने श्रावणी मेले के दौरान 24 घंटे एंबुलेंस, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की स्थायी तैनाती की मांग की.

देर रात तक चलता रहा जलाभिषेक

पहली सोमवारी पर उमड़ी रिकॉर्ड भीड़ ने एक बार फिर गुप्ताधाम को बिहार के प्रमुख शिवधामों में शामिल होने की पहचान को मजबूत किया. देर रात तक जलाभिषेक और दर्शन का सिलसिला जारी रहा तथा पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में शिवमय बना रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >