शांतिपूर्ण संपन्न हुई उत्पाद अवर निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा

रोहतास में उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) पद के लिए प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई. जिला प्रशासन की कड़ी सुरक्षा और बायोमेट्रिक जांच के बीच परीक्षा कदाचारमुक्त रही. जानें कितने अभ्यर्थी हुए शामिल और कहां रही सबसे अधिक उपस्थिति.

Rohtas Excise Sub Inspector Exam : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) की ओर से उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) पद के लिए आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को रोहतास जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. जिला प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक निगरानी के बीच परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई. किसी भी केंद्र से नकल, निष्कासन या विधि-व्यवस्था से जुड़ी कोई शिकायत सामने नहीं आई.

sasaram News : 12,120 में से 6,007 अभ्यर्थी हुए शामिल

जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी समेकित प्रतिवेदन के अनुसार जिले में कुल 12,120 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई थी. इनमें 6,007 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 6,113 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा में 49.56 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि 50.44 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे.

rohtas News : इन केंद्रों पर रही सबसे अधिक उपस्थिति

केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार एसपी जैन कॉलेज, सासाराम में सबसे अधिक 314 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी. इसके बाद अवधूत भगवान राम कॉलेज में 311, मॉडल स्कूल, डालमियानगर में 310 तथा शेरशाह सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय में 306 अभ्यर्थी शामिल हुए. बुद्धा मिशन स्कूल, प्रज्ञा निकेतन पब्लिक स्कूल, आरएसके पब्लिक स्कूल और उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामेश्वरगंज समेत अन्य केंद्रों पर भी अच्छी उपस्थिति दर्ज की गई.

बायोमेट्रिक जांच के बाद मिला प्रवेश

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन जांच की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया.

कहीं से नहीं मिली कदाचार की सूचना

जिला प्रशासन के अनुसार पूरी परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर स्थिति सामान्य रही. किसी भी केंद्र से नकल, अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई, जिससे परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सकी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md aarif khan

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >