रोहतास में दुल्हन खरीद-फरोख्त और फर्जी शादी गिरोह सक्रिय,कई आरोपितों को किया गिरफ्तार

रोहतास जिले में फर्जी शादी और दुल्हन खरीद-फरोख्त का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है. पिछले 6 महीनों में ऐसे 6 मामले सामने आए हैं, जिनमें 2.50 लाख रुपये में युवती की बिक्री तक का खुलासा हुआ है. पुलिस गिरोह की तलाश में जुटी है.

Sasaram News : रोहतास जिले में फर्जी शादी और दुल्हनों की खरीद-फरोख्त का नेटवर्क लगातार फैलता नजर आ रहा है. बीते एक वर्ष के दौरान जिले में ऐसे छह बड़े मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें फर्जी शादी के नाम पर ठगी और लड़कियों की खरीद-बिक्री का खुलासा हुआ है. इन मामलों में पुलिस ने कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है. जांच में यह भी सामने आया है कि जिले में शादी कराने वाले दलालों का संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो दूसरे राज्यों के युवकों को शादी का झांसा देकर ठगने के साथ-साथ युवतियों की खरीद-बिक्री जैसे गंभीर अपराधों में भी संलिप्त है.

ताजा मामला सासाराम नगर थाना क्षेत्र का है, जहां सात अप्रैल को लापता हुई एक युवती को पुलिस ने राजस्थान से बरामद किया. जांच में खुलासा हुआ कि युवती को 2.50 लाख रुपये में राजस्थान के झालावाड़ जिले में बेच दिया गया था. इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को राजस्थान के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है.

राजस्थान तक पहुंचा खरीद-फरोख्त का नेटवर्क

नगर थाना पुलिस की जांच में पता चला कि लापता युवती को राजस्थान के झालावाड़ जिले में बेच दिया गया था. इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए झालावाड़ जिले के बकानी थाना क्षेत्र के नानोर गांव निवासी तूफान सिंह और पिंटू राठौर को गिरफ्तार कर लिया. युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया है. पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.

एक वर्ष में सामने आए छह बड़े मामले

केस-1 : शादी के नाम पर 2.55 लाख की ठगी

10 जून 2025 को शहर के धर्मशाला रोड स्थित गंगा इन होटल में फर्जी शादी कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ था. मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी युवक से शादी कराने के नाम पर 2.55 लाख रुपये ठग लिए गए थे. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था. आरोप था कि शादी के तुरंत बाद दुल्हन और उसके सहयोगी नकदी लेकर फरार हो गए थे.

केस-2 : दानापुर की युवती को राजस्थान में बेचने का आरोप

26 जून 2025 को दिनारा थाना क्षेत्र के आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में हुई एक शादी की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. दानापुर की युवती को यह जानकारी नहीं थी कि उसकी शादी नहीं, बल्कि सौदे के तहत उसे राजस्थान भेजा जा रहा है. किसी तरह वह वहां से भागकर वापस लौटी और पुलिस को पूरी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया.

केस-3 : स्टेशन से फरार हुई फर्जी दुल्हन

30 दिसंबर 2025 को सासाराम रेलवे स्टेशन के पास एक नवविवाहिता बाथरूम जाने का बहाना बनाकर फरार हो गई थी. जांच में यह फर्जी शादी का मामला निकला. पुलिस ने दुल्हन अंजली कुमारी और उसकी सहयोगी सरोज देवी को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए थे.

केस-4 : उम्रदराज दूल्हों को बनाता था निशाना गिरोह

3 जनवरी 2026 को नौहट्टा थाना क्षेत्र से फर्जी शादी कराने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था. जांच में सामने आया कि गिरोह दूसरे राज्यों के ऐसे अविवाहित और उम्रदराज पुरुषों को बिहार बुलाकर फर्जी शादी कराता था और बाद में नकदी और जेवर लेकर फरार हो जाता था.

केस-5 : मां की सतर्कता से बची बेटी

7 अप्रैल 2026 को बिक्रमगंज के शिव मैरेज हॉल में मध्य प्रदेश के युवक से कराई जा रही संदिग्ध शादी को लड़की की मां की सूझबूझ से समय रहते रोक दिया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया. जांच में शादी के नाम पर युवती की खरीद-बिक्री की आशंका सामने आई.

केस-6 : 2.50 लाख में बेची गई युवती, दो गिरफ्तार

28 जुलाई 2026 को नगर थाना पुलिस ने युवती की खरीद-फरोख्त के मामले में राजस्थान के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया. जांच में खुलासा हुआ कि सासाराम की एक युवती को 2.50 लाख रुपये में राजस्थान में बेच दिया गया था. पुलिस ने युवती को बरामद कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

दलालों और फर्जी दुल्हनों का सक्रिय नेटवर्क

पुलिस जांच और पिछले मामलों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि रोहतास जिले में शादी कराने वाले दलालों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है. यह गिरोह दूसरे राज्यों के युवकों को शादी का झांसा देकर बिहार बुलाता है. कई मामलों में युवतियों की खरीद-बिक्री कर उन्हें दूसरे राज्यों में भेजा जाता है, जबकि कुछ मामलों में फर्जी दुल्हन शादी के बाद नकदी और जेवर लेकर फरार हो जाती हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि शादी तय करने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य करें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Punit Kr Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >