Sasaram News : बिक्रमगंज बाल विवाह, बाल श्रम उन्मूलन और बाल संरक्षण को लेकर शनिवार को बिक्रमगंज प्रखंड कार्यालय के सभागार में बाल संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख राकेश कुमार सिंह लाली ने की. जिला बाल संरक्षण इकाई से पहुंची टीम ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी. साथ ही सरकार की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की.
बच्चों के अधिकारों की रक्षा में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम
बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा केवल सरकारी स्तर पर प्रयास से संभव नहीं है. इसके लिए पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को बाल विवाह, बाल श्रम और बच्चों से जुड़े अन्य मामलों के प्रति जागरूक करने की अपील की.
उत्पीड़न की जानकारी मिलते ही दें सूचना
अधिकारियों ने कहा कि किसी बच्चे के साथ उत्पीड़न, शोषण या अधिकारों के हनन की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को तत्काल सूचना दी जानी चाहिए. इससे बच्चों को समय पर संरक्षण और आवश्यक सहायता उपलब्ध करायी जा सकेगी.
सरकारी योजनाओं की दी गयी जानकारी
जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम ने बच्चों के संरक्षण और उनके हित में सरकार की ओर से संचालित योजनाओं एवं प्रावधानों की जानकारी दी. टीम ने कहा कि जनप्रतिनिधि पंचायत स्तर पर जागरूकता का माध्यम बनकर इन योजनाओं और सरकारी नीतियों की जानकारी घर-घर तक पहुंचा सकते हैं. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बाल संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी.
मुखिया, सरपंच और बीडीसी हुए शामिल
बैठक में प्रखंड के कई मुखिया और उनके प्रतिनिधि, सरपंच और उनके प्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) तथा उनके प्रतिनिधि शामिल हुए. जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में बाल संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गयी.
मौके पर बीडीओ सुनील कुमार गौतम, सीडीपीओ दुबे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. बैठक के माध्यम से पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने और बच्चों से संबंधित मामलों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया.
