Sasaram News : नासरीगंज प्रखंड परिसर स्थित बीआरजीएफ भवन में शनिवार को बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष डॉ. अमरेंद्र कुमार ने की, जबकि विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी मौजूद रहे. बैठक से पूर्व उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विधायक का अंगवस्त्र और बुके देकर स्वागत किया.
अमियावर में नल-जल और बिजली आपूर्ति का उठा मुद्दा
बैठक की शुरुआत आईसीडीएस विभाग से हुई. सदस्य मीनू सिंह ने अमियावर के वार्ड संख्या 12 में नल-जल योजना और विद्युत आपूर्ति नहीं होने की समस्या उठायी. रामजी चौधरी ने नगर के वार्ड संख्या 10 में सहायिका की नियुक्ति नहीं होने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग रखी.
एकमात्र महिला सदस्य निर्मला देवी ने सुकहरा डिहरी के वार्ड संख्या एक में विद्युत विभाग की लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां से गुजर रहे नंगे तार दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं.
कटे केबल को नहीं जोड़ने से किसान परेशान
विनोद चौधरी ने कहा कि दारेखाप में अज्ञात चोरों द्वारा पूर्व में काटे गये केबल को अब तक नहीं जोड़ा गया है. इसके कारण किसान अपना-अपना तार लगाकर कृषि कार्य करने को मजबूर हैं.
राशन कार्ड के नाम पर रुपये मांगने का आरोप
लाल बाबू साह ने राशन कार्ड बनाने के नाम पर बिचौलियों और विभागीय कर्मियों द्वारा तीन हजार रुपये की मांग किये जाने का आरोप लगाया. इस मुद्दे पर बैठक में कुछ देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही. अन्य सदस्यों ने खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने की मांग की.
Also Read : भभुआ पुलिस केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों के प्रशिक्षण का एसपी ने लिया जायजा, दिये आवश्यक निर्देश
स्कूल की कुव्यवस्था और राशन कार्ड में पात्रता का मुद्दा
अजय सौंडिक ने अमियावर उच्च विद्यालय की कुव्यवस्था का मुद्दा उठाया. वहीं, उपाध्यक्ष संतोष कुमार आर्या ने राशन कार्ड निर्माण में पात्र लाभुकों का चयन करने की बात कही.
अंजनी सिंह ने कहा कि बैठक में उठायी गयी सभी शिकायतों का निवारण होने के बाद ही अगली बैठक होनी चाहिए. देवमुनि पासवान ने कहा कि परिचय बताने के बाद भी थाना, अंचल और अन्य कार्यालयों में काम नहीं हो पाता है.
सभी शिकायतों का त्वरित निवारण करने का निर्देश
बीस सूत्री अध्यक्ष डॉ. अमरेंद्र कुमार ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों से सदस्यों की शिकायतों और सुझावों का त्वरित निवारण करने को कहा. उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही.
Also Read : हाटा में जमीन पर रखी ईंट हटाने को लेकर विवाद, तलवार से हमला कर व्यक्ति को घायल करने का आरोप
नासरीगंज में बनेगा नया विद्युत ग्रिड : विधायक
विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि नासरीगंज में नया विद्युत ग्रिड बनाया जायेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी. उन्होंने इसके लिए सीओ को विद्युत विभाग से समन्वय कर यथाशीघ्र भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि नये ग्रिड का निर्माण हो सके.
विधायक ने बताया कि नासरीगंज की विद्युत समस्या को उन्होंने सदन में प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद ग्रिड निर्माण को हरी झंडी मिल चुकी है. उन्होंने अधिकारियों से अपने कर्तव्यों का पालन करने और लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में बीडीओ मो. नौशाद आलम सिद्दीकी, सीओ अंचला कुमारी, मनरेगा पीओ संतोष कुमार, बीईओ अरविंद कुमार, विद्युत जेई पंकज कुमार शर्मा, नगर ईओ विकास कुमार, एसआई रोहित कुमार, एमओ अभिषेक कुमार, सीडीपीओ आरती कुमारी, बीसीओ उमाकांत, अस्पताल प्रबंधक अनिल कुमार, आवास पर्यवेक्षक सुरेंद्र कुमार, बीएओ प्रवीण यादव, एलईओ रितेश कुमार, बीस सूत्री सदस्य अमित वर्मा, पीएचईडी जेई मुकेश कुमार, संजर खान, उपेंद्र चंद्रवंशी, हिमांशु यादव, रवि सिंह समेत सभी सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
Also Read : कैमूर: गोबरछ की मुख्य सड़क जलजमाव से बनी तालाब, गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे राहगीर
