Police Vehicle Accident Rohtas : रोहतास जिला के चेनारी थाना क्षेत्र में पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत के बाद प्रशासन ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई. शनिवार को पलौधा गांव पहुंचकर अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृतक गौरी शंकर तिवारी की पत्नी गौरी देवी को चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता का चेक सौंपा.
Rohtas News : प्रशासन ने जताई संवेदना, हरसंभव सहयोग का भरोसा
इस दौरान अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. अधिकारियों ने कहा कि यह आर्थिक सहायता परिवार की अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन कठिन समय में सरकार की ओर से दी जाने वाली राहत है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि परिवार अन्य सरकारी योजनाओं के लिए पात्र होगा तो उसका लाभ भी दिलाया जाएगा.
सरकारी प्रक्रिया के तहत दी गई अनुग्रह राशि
अधिकारियों ने बताया कि सरकार की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपदा प्रबंधन विभाग से चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है. साथ ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई भी की जा रही है. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की.
शुक्रवार रात पुलिस वाहन की टक्कर में हुई थी मौत
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात चेनारी-कुदरा स्टेट हाईवे पर पंजाब नेशनल बैंक के समीप पुलिस वाहन की टक्कर से पलौधा गांव निवासी गौरी शंकर तिवारी, पिता विपिन तिवारी, की मौत हो गई थी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था. बाद में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार, एसडीपीओ विप्लव कुमार तथा जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई.
परिजनों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग दोहराई
अनुग्रह राशि का चेक मिलने के बाद भी मृतक के परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई. परिवार का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई होने से ही उन्हें न्याय मिल सकेगा.
