Rohtas News : सासाराम सदर कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं प्रतितोष अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शनिवार को बेदा स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस महिला बटालियन में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यशाला का उद्घाटन महिला बटालियन की पुलिस उपाधीक्षक स्वाति एवं महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक मो. शमीम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम में करीब 250 पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों ने भाग लिया.
कार्यस्थल पर अधिकार और शिकायत की प्रक्रिया समझायी
कार्यशाला में महिला पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यस्थल पर उनके अधिकारों की जानकारी दी गयी. यौन उत्पीड़न की विभिन्न परिस्थितियों, शिकायत दर्ज कराने की निर्धारित प्रक्रिया तथा शिकायतों के निष्पक्ष और गोपनीय निस्तारण से जुड़े प्रावधानों को विस्तार से समझाया गया. अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के लिए कार्यस्थल को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में पॉश एक्ट के तहत गठित आंतरिक शिकायत समिति और स्थानीय समिति की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. महिला कर्मियों को बताया गया कि किसी भी तरह के अनुचित व्यवहार या यौन उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय या संकोच के निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिकायत करनी चाहिए. शिकायतों के निस्तारण के लिए निर्धारित कानूनी प्रावधानों का पालन किया जाता है.
शिकायतकर्ता की पहचान रहेगी गोपनीय
कार्यशाला में शिकायतकर्ता की पहचान और शिकायत से संबंधित जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के प्रावधानों की जानकारी दी गयी. साथ ही पीड़िता को उपलब्ध कानूनी संरक्षण और शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया को भी समझाया गया. अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होगी तो वे किसी भी अनुचित व्यवहार के खिलाफ प्रभावी तरीके से आवाज उठा सकेंगी.
सुरक्षित माहौल तैयार करना कार्यशाला का उद्देश्य
अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता के माध्यम से कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षित वातावरण को मजबूत किया जा सकता है. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस संगठन में सकारात्मक, सुरक्षित और भयमुक्त कार्य वातावरण तैयार करना था. कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने भी कार्यस्थल से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया.
