पीएम आवास योजना: कोचस में पार्षद और आवास सहायक पर घूसखोरी का आरोप, मकान के बदले ₹50 हजार मांगने की शिकायत पर ईओ ने बैठाई जांच

पीएम आवास योजना में ₹50 हजार घूस मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. वार्ड पार्षद और आवास सहायक पर लगे आरोप, ईओ ने जांच के आदेश दिए हैं.

कोचस (रोहतास). पीएम आवास योजना (PMAY) के तहत पक्का मकान आवंटित करने के नाम पर रिश्वत मांगने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. नगर पंचायत के वार्ड संख्या पांच निवासी एक महिला ने स्थानीय वार्ड पार्षद और आवास सहायक पर मिलीभगत कर पीएम आवास योजना की पहली किस्त जारी करने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का सीधा आरोप लगाया है. पीड़िता पूजा देवी ने इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) को लिखित आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है.

नाम स्वीकृत होने के बाद भी मांगी जा रही रिश्वत

नगर प्रशासन को दिए आवेदन में पीड़िता पूजा देवी ने बताया कि वह वार्ड संख्या पांच में किराये के मकान में रहकर गुजर-बसर करती हैं. आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय होने के कारण उन्होंने पक्के मकान के लिए पीएम आवास योजना के तहत आवेदन दिया था. प्रशासनिक जांच और भौतिक सत्यापन के बाद जारी अंतिम पात्रता सूची में ओबीसी (OBC) कोटे से उनका नाम 54वें क्रम पर दर्ज है. आरोप है कि पीएम आवास योजना की सूची में नाम स्वीकृत होने के बावजूद आवास सहायक और वार्ड पार्षद द्वारा राशि खाते में भेजने के बदले 50 हजार रुपये की अवैध मांग की जा रही है.

पार्षद ने बताया राजनीतिक साजिश

इधर, आरोपों पर वार्ड संख्या पांच के पार्षद राकेश साह ने अपनी सफाई देते हुए इसे छवि धूमिल करने की राजनीतिक साजिश करार दिया है. वहीं आवास सहायक विश्वजीत भारती ने भी सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पीएम आवास योजना की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और जल्द ही तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर योग्य लाभुक के बैंक खाते में राशि सीधे ट्रांसफर कर दी जाएगी.

मामले की जांच कराकर होगी कार्रवाई: नगर ईओ

नगर पंचायत कोचस के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि पीएम आवास योजना में घूस मांगने से संबंधित आवेदन मिला है. मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएम आवास योजना में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Also Read: सासाराम में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए हुआ कैंप का आयोजन, मिलेगा 98 हजार तक अनुदान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश कुमार पांडेय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >