Sasaram News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बुधवार को नोखा प्रखंड मुख्यालय परिसर से भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गयी. नोडल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया. दोनों अधिकारियों ने स्वयं बाइक चलाकर रैली में हिस्सा लिया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया. रैली में 500 से अधिक बाइक पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक शामिल हुए. सभी बाइक पर शान से तिरंगा लहराता नजर आया.
तिरंगे और देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा शहर
रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. बाइक सवारों के हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा. रैली में शामिल लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह दिखा.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
मुख्य बाजार सहित कई मार्गों से गुजरी बाइक रैली
प्रखंड मुख्यालय से शुरू हुई तिरंगा बाइक रैली आरा-सासाराम मुख्य पथ, बस स्टैंड, मुख्य बाजार, गोला रोड, थाना मोड़, हनुमानगढ़, शिवानीवाला, पश्चिम पट्टी, दुर्गा चौक, बाइपास रोड और स्टेशन रोड होते हुए नासरीगंज मोड़ पहुंची. यहां से रैली वापस प्रखंड मुख्यालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया.
जगह-जगह लोगों ने किया रैली का स्वागत
रैली में शामिल लोगों का जगह-जगह स्थानीय लोगों ने उत्साहवर्धन किया. तिरंगे से सजी सैकड़ों बाइक एक साथ सड़क पर निकलीं तो शहर का माहौल देखते ही बन रहा था. रैली के दौरान लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह नजर आया.
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक : मदन राय
जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने कहा कि तिरंगा बाइक रैली का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के प्रति लोगों में उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है. तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. इसे सम्मान देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है.
हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील
बीडीओ शेफाली ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सम्मान बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाने की अपील की.
शिक्षक, जनप्रतिनिधि और कर्मी हुए शामिल
तिरंगा बाइक रैली में प्रखंड प्रमुख अरविंद कुमार, सीडीपीओ श्वेता कुमारी, नगर परिषद ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र कुमार सिंह, शिक्षक अरविंद कुमार, आशुतोष मिश्र, सरोज कुमार, वीरेंद्र कुमार, अजय कुमार सिंह, दीपक कुमार पासवान, दीपक मोहन, गुड्डू कुमार, अनूप कुमार, सागर, आशीष कुमार सहित कई शिक्षक, कर्मी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
