प्रतिनिधि, नोखा. नोखा प्रखंड मुख्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को विदाई सह योगदान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने की. इस दौरान नोखा के बीपीआरओ सुनील कुमार को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि संझौली की बीपीआरओ सह नोखा प्रखंड की प्रभारी बीपीआरओ श्वेता कुमारी ने योगदान कर पदभार संभाला.
सुनील कुमार के कार्यकाल को किया गया याद
प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने कहा कि सुनील कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान पंचायतों से जुड़े कार्यों के निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया. उनके कार्य के प्रति समर्पण और सरल स्वभाव को हमेशा याद किया जाएगा.
श्वेता कुमारी ने संभाली नोखा की जिम्मेदारी
नई प्रभारी बीपीआरओ श्वेता कुमारी ने कहा कि नोखा प्रखंड की पंचायतों में विकास योजनाओं एवं सरकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी के सहयोग से पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य किया जाएगा. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं प्रखंड कर्मियों से सहयोग की अपील की.
सुनील कुमार ने सहयोग के लिए जताया आभार
विदाई समारोह में बीपीआरओ सुनील कुमार ने कहा कि नोखा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें सभी अधिकारियों, कर्मियों और जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग मिला. यहां से मिली आत्मीयता और सहयोग को वे हमेशा याद रखेंगे.
फूल-माला और अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह हथिनी पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह के नेतृत्व में आयोजित समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों ने सुनील कुमार के कार्यकाल को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस दौरान उन्हें फूल-माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं नई प्रभारी बीपीआरओ श्वेता कुमारी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया.
समारोह में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुमन कुमार श्रीवास्तव, कुरी पंचायत के मुखिया दीनानाथ राय, सिसिरिता के मुखिया चितरंजन तिवारी, कदवा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राकेश कुमार, उत्तरी बराव के मुखिया प्रतिनिधि बबलू कुमार गुप्ता, दक्षिणी बराव के मुखिया प्रतिनिधि विवेक सिंह, पं पप्पू कुमार सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
