Rohtas News: राज्य के नवसृजित 211 डिग्री महाविद्यालयों में नियुक्त नये सहायक प्राध्यापकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम 25 अगस्त को पटना के बापू सभागार, गांधी मैदान में होगा. राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा. इसमें रोहतास के पांच कॉलेजों समेत राज्य के सभी संबंधित डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य और नवनियुक्त सहायक प्राध्यापक शामिल होंगे.
पहचान पत्र और नियुक्ति पत्र जरूरी
कार्यक्रम में शामिल होने वाले नवनियुक्त शिक्षकों को पहचान पत्र और नियुक्ति पत्र के साथ पहुंचने का निर्देश दिया गया है. राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बिहार के संबंधित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र भेजकर नवनियुक्त शिक्षकों की समय पर भागीदारी सुनिश्चित कराने को कहा है. वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय समेत राज्य के 10 विश्वविद्यालयों से जुड़े नवसृजित डिग्री कॉलेजों के शिक्षक भी इसमें शामिल होंगे.
रोहतास के पांच कॉलेजों से 54 शिक्षक
रोहतास जिले के पांच राजकीय डिग्री कॉलेजों से करीब 54 नवनियुक्त सहायक प्राध्यापक पटना के कार्यक्रम में शामिल होंगे. राजकीय डिग्री कॉलेज सूर्यपुरा के प्राचार्य प्रो डॉ अलाउद्दीन अजीजी ने बताया कि कॉलेज में नियुक्त सभी 12 शिक्षकों ने योगदान कर लिया है और सभी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
राजकीय डिग्री कॉलेज रोहतास के प्राचार्य प्रो डॉ दिग्विजय सिंह के अनुसार कॉलेज में 10 शिक्षकों ने योगदान किया है. राजकीय डिग्री कॉलेज शिवसागर में करीब 11 शिक्षकों ने योगदान किया है. वहीं राजकीय डिग्री कॉलेज काराकाट से करीब 10 नवनियुक्त शिक्षक और राजकीय डिग्री कॉलेज संझौली से करीब 11 शिक्षक कार्यक्रम में शामिल होंगे.
उच्च शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
राज्यपाल सचिवालय के अनुसार उन्मुखीकरण कार्यक्रम का उद्देश्य नवसृजित डिग्री महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करना और नये शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना है. कार्यक्रम में शामिल होने वाले शिक्षकों को नियुक्ति और पदस्थापन से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी साथ रखने होंगे.
Also Read: शेरशाह मेडिकल कॉलेज में नारेबाजी, स्टूडेंट्स ने कम नंबर देने-अधिक फीस वसूली का लगाया आरोप
