बिहार में नए राशन कार्ड के लिए आवेदन शुरू, जानें कौन कर सकता है अप्लाई और किन दस्तावेजों की होगी जरूरत

बिहार के रोहतास जिले के लिए खुशखबरी है. बिहार सरकार ने स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. जानिए कौन कर सकता है आवेदन और किन दस्तावेजों की होगी जरूरत.

Bihar New Ration Card Apply Online : रोहतास जिले के उन परिवारों के लिए अच्छी खबर है, जिनके पास अब तक राशन कार्ड नहीं है. बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने 14 जुलाई से स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिला प्रशासन ने पात्र परिवारों से समय पर आवेदन करने और इस जानकारी को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की अपील की है.

Rohtas News : ऑनलाइन करना होगा आवेदन

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार नए राशन कार्ड के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा. आवेदन करने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखना अनिवार्य है. आवेदन स्वीकृत होने के बाद पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत रियायती दर पर खाद्यान्न समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा.

Sasaram News : इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

ऑनलाइन आवेदन के लिए जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, परिवार का सामूहिक फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, आवेदक के हस्ताक्षर तथा सक्रिय मोबाइल नंबर अनिवार्य होंगे.

कौन कर सकता है आवेदन

नए राशन कार्ड के लिए वही परिवार आवेदन कर सकते हैं जिनके पास वर्तमान में कोई राशन कार्ड नहीं है. इसके अलावा आवेदक बिहार का स्थायी निवासी हो, आर्थिक रूप से कमजोर हो तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित पात्रता और विभागीय मानकों को पूरा करता हो. सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होना भी जरूरी है.

इन लोगों का आवेदन होगा खारिज

जिन लोगों का नाम पहले से किसी राशन कार्ड में दर्ज है, आयकरदाता परिवार, निर्धारित सीमा से अधिक आय वाले परिवार, सरकारी नियमों के अनुसार अपात्र श्रेणी में आने वाले लोग, फर्जी या गलत दस्तावेज देने वाले आवेदक तथा एक ही परिवार से एक से अधिक राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति इस योजना के पात्र नहीं होंगे.

प्रशासन ने जरूरतमंदों तक सूचना पहुंचाने की अपील की

जिला प्रशासन ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के विक्रेताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस जानकारी को अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड के लाभ से वंचित न रहे.

एसडीएम ने दी महत्वपूर्ण सलाह

सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने कहा है कि आवेदन करते समय केवल सही और सत्यापित जानकारी ही दें. किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक सूचना देने से आवेदन निरस्त किया जा सकता है. इसलिए केवल पात्र परिवार ही आवेदन करें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >