Rohtas News : रोहतास जिला के राजपुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय मौडिहरा में बुधवार को छात्र-छात्राओं के बीच नई पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया. लंबे इंतजार के बाद किताबें मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे. विद्यालय में पुस्तकों की कमी को लेकर प्रकाशित खबर के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नई किताबों की आपूर्ति सुनिश्चित कराई.
19 जुलाई को प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी खबर
विद्यालय में पाठ्य पुस्तकों की अनुपलब्धता की खबर 19 जुलाई को प्रभात खबर के कैंपस पेज पर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी. खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ और विद्यालय में नई पुस्तकों की व्यवस्था कराई गई.
69 बच्चों को मिली नई किताबें
प्रधानाध्यापक सूर्य नारायण चौधरी ने बताया कि विद्यालय के कुल 69 छात्र-छात्राओं को नई पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं. इनमें कक्षा 2 के 18, कक्षा 3 के 26, कक्षा 4 के 20 और कक्षा 5 के 5 छात्र-छात्राएं शामिल हैं.
अब और बेहतर होगी पढ़ाई
प्रधानाध्यापक ने बताया कि पुस्तकों के अभाव में भी विद्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से नियमित पढ़ाई कराई जा रही थी. अब नई किताबें मिलने के बाद बच्चों की पढ़ाई और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेगी.
