Rohtas News : श्री शंकर उच्च माध्यमिक विद्यालय, तकिया में शनिवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एमडीएम) रवि कुमार रौशन, साइंस फॉर सोसायटी के राज्य अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार, महिला महाविद्यालय पटना की सहायक प्राध्यापक डॉ. कुमारी निमिषा, राज्य शैक्षिक समन्वयक डॉ. रश्मि कोमल तथा जिला समन्वयक विजेंद्र कुमार केशरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन उत्पल कुमार पांडेय ने किया.
शिक्षकों से नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की अपील
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रवि कुमार रौशन ने विज्ञान शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने छात्र-छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने तथा नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया. प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विज्ञान और नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला.
15 अगस्त तक पंजीयन कराने का आह्वान
जिला समन्वयक विजेंद्र कुमार केशरी ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी विद्यालयों से 15 अगस्त तक कम-से-कम दो छात्र-छात्राओं का पंजीयन सुनिश्चित करने की अपील की. वहीं जिला सह-समन्वयक संजय कुमार गुप्ता ने शिक्षकों को नवाचार आधारित परियोजनाओं के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने का आग्रह किया.
पांच प्रमुख विषयों पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन
कार्यशाला का मुख्य विषय 'निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार' रहा. इसके अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल एवं वर्षा जल संचयन, भोजन, कृषि एवं स्वास्थ्य तथा भारतीय ज्ञान प्रणालियों के अनुप्रयोग जैसे पांच प्रमुख विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी. संसाधन व्यक्तियों के रूप में डॉ. अरुण कुमार, डॉ. कुमारी निमिषा और डॉ. रश्मि कोमल ने शोधपरक व्याख्यान प्रस्तुत कर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया.
270 विज्ञान शिक्षकों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में साइंस फॉर सोसायटी रोहतास के आयोजन समिति सदस्य आलोक कुमार मिश्रा, जावेद अली अख्तर, वत्सला कुमारी, शिक्षक शशिकांत चौबे, अखिलेश उपाध्याय, प्रशांत कुमार प्रसून, बबीता कुमारी, राजीव कुमार चौबे, विकास चौरसिया तथा पूर्व बाल वैज्ञानिक अजय कुमार सहित जिले के उच्च एवं मध्य विद्यालयों से आए करीब 270 विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया. अंत में जिला समन्वयक विजेंद्र कुमार केशरी ने सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया.
