Sasaram News : नासरीगंज-दाउदनगर मोड़ के पास मुख्य पथ पर बड़ा गड्ढा उभर आया है. गड्ढे में पानी जमा होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है. सड़क की क्षतिग्रस्त स्थिति दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है. विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह गड्ढा परेशानी का सबब बना हुआ है. कई बार गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं.
जलजमाव से पैदल चलना भी मुश्किल
मुख्य पथ पर उभरे गड्ढे में पानी भर जाने से लोगों को पैदल आने-जाने में भी कठिनाई हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कंपनी और संबंधित विभाग की ओर से समय रहते गड्ढे की मरम्मत नहीं करायी गयी तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों में इस बात को लेकर चिंता है कि किसी दुर्घटना के बाद ही विभाग की नींद खुलेगी.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की आवाजाही के बावजूद समस्या बरकरार
गौरतलब है कि इसी मुख्य पथ से होकर मंत्री, विधायक, डीएम, एसपी, एसडीएम, डीएसपी सहित अन्य अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं. इसके बावजूद सड़क पर बने गड्ढे और जलजमाव की समस्या पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पथ निर्माण विभाग के अधिकारी भी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं.
Also Read : Teacher's Day 2026: रोहतास में शिक्षक दिवस पर 46 शिक्षक होंगे सम्मानित, डीआरडीए सभागार में होगा कार्यक्रम
'आए दिन बाइक चालक हो रहे चोटिल'
राहगीर बाबुधन ने बताया कि नासरीगंज-दाउदनगर मुख्य पथ पर गड्ढा उभरने से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को काफी परेशानी होती है. गड्ढे में पानी जमा रहने के कारण इसकी गहराई का पता नहीं चलता है. इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
मोहित कुमार ने बताया कि मुख्य पथ क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को काफी कठिनाई होती है. आए दिन कई बाइक चालक गड्ढों की चपेट में आकर चोटिल हो चुके हैं. इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है. गड्ढों की स्थिति ऐसी है कि लोग इस रास्ते से गुजरने में भी डरते हैं.
'मरम्मत नहीं होने से गड्ढा बढ़ता जा रहा'
पवन कुमार ने बताया कि मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण वाहनों की लगातार आवाजाही से गड्ढा धीरे-धीरे और बड़ा होता जा रहा है. यह कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है. मुख्य पथ पर बने गड्ढे के कारण अक्सर लोग गिरकर घायल होते रहते हैं. उन्होंने विभाग से जल्द मरम्मत कराने की मांग की.
चीकू कुमार ने बताया कि इसी मुख्य पथ से होकर कई अधिकारी, मंत्री और विधायक गुजरते हैं, लेकिन किसी का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोग गड्ढे को लेकर काफी चिंतित हैं और आशंका है कि किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
Also Read : सासाराम में आज मनाया जाएगा विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस, महाराजा गार्डन में जुटेंगे कार्यक
एनएच एसडीओ ने कहा, जल्द दूर होगी समस्या
एनएच एसडीओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि नासरीगंज-दाउदनगर मुख्य पथ के कार्य की योजना स्वीकृत नहीं होने के कारण विलंब हो रहा है. करीब डेढ़ वर्ष से योजना स्वीकृत नहीं हो पायी है, जिसके कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इस समस्या को ठीक कर दिया जाएगा.
Also Read : शिक्षक दिवस पर रोहतास के 42 शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित, मेधावी छात्राओं को भी मिला पुरस्कार
