सासाराम में भूमि विवाद को लेकर फायरिंग, पुलिस ने 10 KM पीछा कर तीन हथियारबंद युवकों को दबोचा

रोहतास जिले के नहौना गांव में बुधवार सुबह गोलीबारी से सनसनी फैल गई. पुलिस ने पीछा कर तीन युवकों को हथियार, कारतूस और बाइक के साथ गिरफ्तार किया. मामला पुराना भूमि विवाद से जुड़ा है.

Sasaram Gun Firing Case : रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नहौना गांव में बुधवार की सुबह गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. दिन के करीब 10 बजे हथियार से लैस चार युवकों ने गांव निवासी विनोद कुमार सिंह उर्फ विनय कुमार पर हमला कर दिया. इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. गोली चलाकर भाग रहे युवकों का पुलिस ने पीछा किया और करीब 10 किलोमीटर दूर बाराडीह गांव के बधार से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवकों के पास से हथियार, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं.

Sasaram News : नहौना गांव में अचानक हुई फायरिंग से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह नहौना गांव में अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी. बताया जा रहा है कि करीब चार हथियारबंद युवक गांव पहुंचे और विनोद कुमार सिंह उर्फ विनय कुमार को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी.

हमले के दौरान उनकी कार को नुकसान पहुंचा. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. फायरिंग के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.

Crime News : डायल 112 की टीम ने शुरू किया पीछा

एसडीपीओ टू संजीव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने गोलीबारी कर भाग रहे युवकों का पीछा शुरू किया. काफी प्रयास के बाद तीन युवकों को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव के बधार से पकड़ लिया गया.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक रिवाल्वर, पांच कारतूस, एक खोखा, एक पिलेट, एक बुलेट बाइक, एक अपाची बाइक और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं.

पुराना भूमि विवाद बना फायरिंग की वजह

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में गोलीबारी की वजह पुराना भूमि विवाद सामने आया है. एसडीपीओ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नहौना गांव निवासी अभय कुमार सिंह, पिता सुरेंद्र प्रसाद सिंह, उनके पुत्र अनिकेत कुमार सिंह उर्फ अमन कुमार और बसुहरा गांव निवासी ज्योति शंकर सिंह के पुत्र सुशांत कुमार सिंह के रूप में हुई है.

पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. साथ ही फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

छापेमारी टीम में कई पुलिसकर्मी रहे शामिल

इस कार्रवाई में मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही. छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार, सुशील कुमार उरांव, डायल 112 के अधिकारी व कर्मी, डायल 112 बाइकर्स टीम और मुफस्सिल थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे.

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके. सासाराम कार्यालय. Also Read : रोहतास के काराकाट में नए बीडीओ संजीत कुमार ने संभाला पदभार, विकास योजनाओं को गति देने का दिया भरोसा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Om prakash gond

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >