Sasaram News : नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में फागिंग नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में नगर प्रशासन की ओर से अब तक एक बार भी मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव नहीं किया गया है. जगह-जगह जलजमाव होने के कारण मच्छरों की संख्या में भी भारी वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.
दिन हो या रात, मच्छरों के आतंक से परेशान लोग
नगर पैक्स अध्यक्ष सुनील दूबे, लोहा सिंह, अंकुश ओझा, मनोज चक्रवर्ती, मुन्ना गुप्ता, पूर्व पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे, मनोज कुमार और ओमप्रकाश शर्मा समेत अन्य लोगों ने नगर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि दिन हो या रात, लोग मच्छरों के आतंक से जूझ रहे हैं. घरों और दुकानों में भी मच्छरों का प्रकोप बना हुआ है. स्थिति ऐसी है कि लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है.
दिन में भी मच्छर भगाने वाले उत्पादों का लेना पड़ रहा सहारा
लोगों का कहना है कि नगर प्रशासन की निष्क्रियता के कारण दिन में भी मच्छर भगाने के लिए अगरबत्ती और अन्य उत्पादों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है. जलजमाव वाले क्षेत्रों में समय पर मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव नहीं होने से समस्या और गंभीर होती जा रही है.
डेंगू-मलेरिया के मरीज बढ़ने का दावा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
स्थानीय लोगों ने शहर के विभिन्न वार्डों में मलेरिया, टाइफाइड और डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने का दावा किया है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर डेंगू और मलेरिया के मरीजों की पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, सूत्रों के अनुसार शहर के कई निजी अस्पतालों में डेंगू और मलेरिया से पीड़ित मरीजों का इलाज चल रहा है.
Also Read : मांगों पर 9 महीने से इंतजार, रोहतास में फिर एकजुट हुए कार्यपालक सहायक, आंदोलन की रणनीति पर मंथन
सीएचसी में मरीजों पर रखी जा रही नजर
सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तुषार कुमार ने कहा कि सीएचसी में आने वाले सभी मरीजों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है.
Also Read : नियोजित शिक्षकों के हक में सरकार की आनाकानी पर उठे सवाल, करगहर में संगठन ने भरी हुंकार
नगर प्रशासन ने जताई अनभिज्ञता
इस संबंध में पूछे जाने पर नगर ईओ ओमप्रकाश सिंह ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर की है. वहीं, स्थानीय लोगों ने मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित फागिंग और मच्छररोधी दवाओं के छिड़काव की मांग की है.
Also Read : मांगों पर 9 महीने से इंतजार, रोहतास में फिर एकजुट हुए कार्यपालक सहायक, आंदोलन की रणनीति पर मंथन
