Sasaram News : दिनारा विधानसभा क्षेत्र के करमैंनी गांव में वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे किसानों को राहत दिलाने की पहल तेज हो गई है. हर वर्ष बरसात के दौरान करीब 200 बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है. किसानों से किए अपने वादे को निभाते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने बुधवार को गांव पहुंचकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया.
20 वर्षों से खेती पर संकट
निरीक्षण के दौरान किसानों ने विधायक को बताया कि पिछले करीब 20 वर्षों से बारिश शुरू होते ही खेतों में पानी भर जाता है. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लगभग 200 बीघा भूमि बाढ़ जैसी स्थिति में डूब जाती है. इससे समय पर बुआई नहीं हो पाती और हर वर्ष किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है.
अधिकारियों के साथ मौके पर हुई बैठक
समस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक आलोक कुमार सिंह ने मौके पर ही अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी, दिनारा के प्रखंड विकास पदाधिकारी कुलदीप कुमार विभूति तथा संबंधित अधिकारियों को तकनीकी सर्वे कराकर स्थायी समाधान की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान बलिया पंचायत के मुखिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान भी मौजूद रहे. ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की मांग दोहराई.
किसानों की खुशहाली मेरी प्राथमिकता : विधायक
विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने किसानों से वादा किया था कि दिनारा विधानसभा की कोई भी जनसमस्या अनदेखी नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान, उनका अधिकार और उनकी खुशहाली उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस वर्षों पुरानी जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी खेती प्रभावित न हो.
